यूपी के जालौन जिले में सरदार पटेल की जयंती पर छात्रों ने निकाली भव्य रैली, राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश
उरई में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति रैली निकाली, जिसमें राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

पटेल जयंती पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने रैली निकाल कर लोगों को राष्ट्र भक्ति का संदेश दिया।
HighLights
छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर राष्ट्र भक्ति का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए गए।
जागरण संवाददाता, उरई। लौह पुरुष व भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने रैली निकाल कर लोगों को राष्ट्र भक्ति का संदेश दिया। इस दौरान वंदे मातरम, भारत माता की जय के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। हर तरफ उत्साह का माहौल दिखाई दिया। रैली विभिन्न स्थानों का भ्रमण करते हुए समापन पीली कोठी स्थित पटेल पार्क में किया गया।
जिलाधिकारी समीर, जिला पंचायत प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी ने सर्वोदय इंटर कालेज से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इसमें शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने बड़ी संख्या में पहुंच कर सहभागिता की। इसमें जीवंत झांकियों को भी सजाया गया था। जिनको देखकर लोग मंत्रमुग्ध हुए बिना न रह सके।
रैली पटेल चौक, आंबेडकर चौराहा, शहीद भगत सिंह चौराहा, घंटाघर, माहिल तालाब होते हुए पीली कोठी पहुंची। जहां इसका समापन किया गया। रैली के दौरान देश भक्ति के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल दूरदर्शी और अद्वितीय नेतृत्व क्षमता के धनी थे। उनके विचारों को आत्मसात करने की जरूरत है।
जिला पंचायत अध्यक्ष डा. घनश्याम अनुरागी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोया।
इस मौके पर माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, भाकियू नेता राजवीर सिंह जादौन, पूर्व जिपं सदस्य अजय नाथ सिंह, महेंद्र सिंह भाटिया, शालिग्राम निरंजन, बलराम लंबरदार, साहब सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
हलुआ चना का वितरण
रैली के समापन पर पीली कोठी स्थित पटेल पार्क पर राजा भैया निरंजन के द्वारा हलुआ चना का वितरण किया गया। छात्र छात्राओं को इससे जलपान कराया गया। स्थानीय लोगों ने इसमें सहयोग किया।
सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने का लें संकल्प : डीएम
लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में श्रद्धा एवं राष्ट्र भक्ति के वातावरण में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिलाधिकारी ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे शिवानी सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुघन पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला अस्पताल में मरीजों को किया फल वितरण
सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती अवसर पर शनिवार को अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने जिला अस्पताल पहुंच कर मरीजों, तीमारदारों को फल वितरित किए। साथ ही इस अवसर पर सभी ने मरीजों के जल्दी स्वस्थ होने की कामना की। सीएमएस डा. जेजे राम सहित कई लोग मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।