Move to Jagran APP

देश किसानों और नौजवानों का, बेइमानों का नहीं : नरेश उत्तम

उरई पहुंचे सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर निशाना साधते हुए सपा को बताया विकल्प

By JagranEdited By: Published: Fri, 28 Sep 2018 04:06 PM (IST)Updated: Fri, 28 Sep 2018 04:06 PM (IST)
देश किसानों और नौजवानों का, बेइमानों का नहीं : नरेश उत्तम

जागरण संवाददाता, उरई : यह देश किसानों और नौजवानों का है, न कि बेइमानों का। ऐसे लोगों को हटाने के लिए लड़ी जा रही लड़ाई को कार्यकर्ता जीत में बदल दें। इसके लिए बूथ स्तर पर काम करने की जरूरत है। साजिशन जिन लोगों के नाम कटवा दिए गए हैं, उनको गाव स्तर पर जाकर देखें और जुड़वाएं। समय थोड़ा बचा है, भाजपा की साजिशों को नाकाम करना है। आज प्रदेश में समाजवादी पार्टी का माहौल बन चुका है। ये बातें सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने शुक्रवार को जालौन जिले के मुख्यालय उरई में कहीं। वह बृहद किसान व कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

loksabha election banner

जालौन रोड पर एक गेस्ट हाउस में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने कहा कि यहा के लोगों ने समाजवादी आदोलन को बुलंद करने का काम किया है। कार्यकर्ताओं में जो जोश दिख रहा है, वह बताता है कि आने वाला समय सपा का ही है। नौजवानों का झुकाव अखिलेश यादव की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। भाजपा पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि आज मेहनतकश लोगों और किसानों की कमाई को लूटा जा रहा है। 90 दिन में महंगाई खत्म करने का दावा करने वाले आज यह बताएं कि हालात कहा ले जा रहे हैं। गैस, पेट्रोल, डीजल और बिजली हर जगह महंगाई चरम पर पहुंच गई है। यह वो लोग हैं जो कहते कुछ हैं और करते कुछ हैं। यह धोखेबाज पार्टी है और युवाओं को गुमराह कर रही है।

- - - - - - - - - - -

तोड़ा जा रहा समाजिक समरसता का तानाबाना

भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि देश में अराजकता बढ़ी है। आज भाजपा द्वारा सामाजिक समरसता के ताने-बाने को खत्म किया जा रहा है। हर वर्ग को आपस में ही लड़ाने की साजिश रची जाती है। उसी का परिणाम है कि लोगों की माली हालत खराब हो रही है। चंद पूंजीपतियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। अमीरी-गरीबी के बीच बहुत अंतर आ गया है। किसानों की दुखती रग पर हाथ रखते हुए कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुना करने का दावा किया। हालत यह है कि किसानों का 15 हजार करोड़ रुपये गन्ना का बकाया है और सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है। हमने विधान परिषद में सवाल किया कि गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाया गया, पर लागत मूल्य क्या है, यह बताया जाए। कोई जवाब नहीं मिला। मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी कहते हैं समाजवाद धोखा है, तो भारतीय संविधान की कसम क्यों खाई? इनके मंत्री झूठ बोलते हैं। संविधान की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी ही विकल्प के तौर पर सामने है। सम्मेलन को एमएलसी रमा निरंजन, विधायक बृजेश कठेरिया, जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव ने भी संबोधित किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.