उरई में मूंग बिक्री में रिश्वत मांगने पर सचिव निलंबित, किसानों की शिकायत पर डीएम का एक्शन
किसानों से मूंग बिक्री के नाम पर 1200 रुपये प्रति क्विंटल मांगने की शिकायत पर न्याय पंचायत किशुनपुरा, सोसायटी पहाड़गांव ...और पढ़ें
-1788356479996_m.webp)
जागरण संवाददाता, उरई। किसानों से मूंग बिक्री के नाम पर 1200 रुपये प्रति क्विंटल मांगने की शिकायत पर न्याय पंचायत किशुनपुरा, सोसायटी पहाड़गांव के सचिव सुभाषचंद प्रजापति को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले की शिकायत किसानों ने मंगलवार को जिलाधिकारी से की थी। मामले की जांच एसडीएम कोंच अभिनव कुमार को सौंपी गई है।
कोंच तहसील के अंतर्गत ग्राम नरी निवासी हरिहर कुमार, अनिल कुमार और उनकी माता सावित्री ने जिलाधिकारी से मंगलवार को लिखित रूप से शिकायत की थी कि हम लोगों का मूंग क्रय केंद्र न्याय पंचायत किशुनपुरा सोसायटी पहाड़गांव कृषि मंडी कोंच में है। सोसायटी के सचिव सुभाषचंद प्रजापति द्वारा 6 अगस्त को क्रय केंद्र मंगवाकर ग्रेडिंग करा ली गई थी।
सचिव ने सिर्फ हरिहर के नाम पर रजिस्ट्रेशन किया और हम लोगों से 1200 रुपये प्रति क्विंटल देने का दबाव बनाने लगे। कई बार निवेदन किया लेकिन अब तक उनकी मूंग नहीं तौली गई। किसानों ने कहा कि सचिव से हुई बातचीत की रिकार्डिंग भी उनके पास है। एक महीने से ट्रैक्टर मूंग लादे कोंच मंडी में खड़ा हुआ है। बारिश का मौसम है मूंग खराब हो सकती है।
उन्होंने कहा कि हमारी मूंग की तौलाई कराकर सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जाए। किसानों की व्यथा सुनने के बाद डीएम ने एआर को-आपरेटिव शिवकुमार को इस मामले में सचिव को निलंबित करने के निर्देश दिए। एआर ने बताया कि सचिव को निलंबित कर दिया गया है। सचिव सुभाषचंद का कहना है कि किसानों का आरोप सही नहीं है।
