चुनाव : मानव श्रंखला बना दिलाई मतदान की शपथ
संसू कदौरा लोकतंत्र के महापर्व में सभी की शत प्रतिशत भागीदारी हो इसके लिए जिला प्रशासन ह
संसू, कदौरा : लोकतंत्र के महापर्व में सभी की शत प्रतिशत भागीदारी हो, इसके लिए जिला प्रशासन हर जतन कर रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को कस्बे में मानव श्रंखला बनाकर लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के कर्मचारी व इलाकाई लोग शामिल रहे। रैली निकालने के साथ लोगों को मतदान के लिए शपथ दिलाई गई।
लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो और हर मतदाता बढ़चढ़ कर सहभागी बने, इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सभी विभाग कदम से कदम मिलाकर मतदाताओं को जागरूक कर रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को उपजिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला, सीओ संजय शर्मा, चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक चक्र, एबीएसए सर्वेश कुमार सिंह की अगुवाई में नगर क्षेत्र के समस्त विद्यालय के छात्र छात्राओं, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशाबहू, एएनएम, नगर पंचायत कर्मचारी, थाना पुलिस सहित इलाकाई लोगों ने मानव श्रंखला बनाई। साथ ही मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। जो कि ब्लाक से शुरू हुई और नगर बस स्टैंड व वार्डों से होते हुए नगर पंचायत कार्यालय परिसर पहुंची। यहां पर सभी लोगों को मतदान की शपथ दिलाई गई। इस दौरान थानाध्यक्ष कामता प्रसाद, दारोगा विनोद कुमार, रामनाथ, सुमन, रामू व्यास, इफ्तिखार खान, प्रदीप सिंह, रिजवान खान, राकेश कुमार, मैथिली शरण गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।