निर्माणाधीन मकान के पिलर के आठ फीट गहरे गड्ढे में गिरकर मासूम की मौत
जालौन के परासनी गांव में निर्माणाधीन मकान के लिए खोदे गए आठ फीट गहरे गड्ढे में खेलते समय एक साल ...और पढ़ें

HighLights
मां खाना बनाती रही और खेलते समय बच्ची गड्ढे में गिर गई
ग्रामीणों ने फावड़े से बगल में खोदा गड्ढा तब निकली बच्ची
संवाद सहयोगी, कोंच (जालौन)( नदीगांव थाना के ग्राम परासनी में गुरुवार शाम रामलखन के निर्माणाधीन मकान के लिए पिलर को खोदे गए आठ फीट गहरे गड्ढे में उनकी एक साल की बच्ची खेलते समय गिर गई। करीब एक घंटे बाद बच्ची को न देख मां ने तलाश शुरू की तो गड्ढे से आवाज आने पर जानकारी हो सकी। बच्ची को निकाल कर सीएचसी ले गए। जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत रामलखन का गांव में मकान बन रहा है। एक दिन पहले ही उसके घर के बाहरी हिस्से में पिलर के लिए गड्ढे खोदे गए थे। गुरुवार शाम करीब सात बजे उनकी एक साल की बच्ची सोनाली खेलते हुए गड्ढे में गिर गई। मां अनीता उस समय घर में खाना बना रही थी। देर तक बच्ची की कोई आहट सुनाई नहीं दी तो मां ने बाहर आकर उसकी तलाश की। स्वजन भी तलाश में जुट गए।
इसी बीच रोने की आवाज सुनाई देने पर देखा तो बच्ची गड्ढे में फंसी हुई थी। स्वजन व आसपास के ग्रामीणों ने फावड़ा से गड्ढे के बगल में खोदाई कर करीब आधा घंटे में बच्ची को बाहर निकाला। रामलखन मजदूरी करते हैं, घर में बड़ी बेटी सौम्या है। स्वजन बच्ची को सीएचसी ले गए जहां कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। नदीगांव थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि बच्ची को सीएचसी नदीगांव ले जाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
बच्चों को निगरानी में रखें
अभिभावकों को यह ध्यान रखना चाहिए कि अगर बच्चे छोटे हैं और घर में काम चल रहा है या फिर मकान के बाहर तालाब या नाला है तो उनकी निगरानी करें। जिससे कि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके। अनदेखी के कारण ही परासनी में बच्ची की गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। डा. एचएन प्रसाद, सीएमओ।
