विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालौन में पुजारी को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले तीन बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Published: Sat, 26 Sep 2026 11:03 AM (IST)

कालपी के उसरगांव सरसेला मंदिर में पुजारी को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. कालपी मंदिर लूट के तीन बदमाश गिरफ्तार।

  2. पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लगी।

  3. लूटी गई नकदी, घंटे और हथियार बरामद।

जागरण संवाददता, जालौन। कालपी कोतवाली के उसरगांव सरसेला मौजा स्थित मंदिर में 16 सितंबर की रात पुजारी को बंधक बना लूटपाट करने के आरोपितों में तीन बदमाशों को पुलिस ने शुक्रवार की रात कानपुर-झांसी हाईवे पर हरकूपुर गांव के पास मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। एक बदमाश के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। घायल को मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 12 बजे कालपी कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी पुलिस बल के साथ कानपुर-झांसी हाईवे पर छौंक गांव के सामने चेकिंग अभियान चला रहे थे। तभी सूचना मिली कि तीन बदमाश असलहा लिए झांसी कानपुर हाईवे पर टहल रहे हैं। जिससे पुलिस की टीम सक्रिय हो गई।

जैसे ही पुलिस छौंक गांव के आगे निकली तो हरकूपुर गांव को जाने वाली सड़क पर तीन युवक दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।

दो बदमाशों को पुलिस ने घेर कर पकड़ लिया। गोली लगने वाला बदमाश कानपुर देहात के थाना भोगनीपुर गांव गौर निवासी संदीप उर्फ नरेंद्र कुमार और उसका उसी गांव का बलराम, कानपुर देहात थाना बरौर गांव अंडवा निवासी लाला उर्फ लालचंद है। संदीप के विरूद्ध कानपुर देहात के मूसानगर और बरौर थाने में पहले से दो चोरी के मुकदमें दर्ज हैं वह जेल भी जा चुका है।

मालू हो कि कालपी कोतवाली के उसरगांव सरसेला मौजा के देवपुरा माता मंदिर में रात के समय पुजारी रामजी को मारपीट कर कमरे में बंद करके बदमाशों ने 27 हजार नकदी के साथ पीतल के वजनी घंटा, दानपात्र लूट कर भाग निकले थे।

मुठभेड़ में पकडे गए संदीप, बलराम व लाला ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि उन्होंने ही मंदिर में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। उनके पास से 26 पीतल के घंटा व 11,995 रुपये तथा एक तमंचा, दो कारतूस व दो खोखा पुलिस ने बरामद किए हैं। चोरी करने के उपकरण हथौड़ा, एक बाइक भी बरामद हुई है।

यह भी पढ़ें- जालौन में SDM ने गल्ला मंडी का किया निरीक्षण, अधिकारियों को तुरंत सुधार कराने के दिए निर्देश