विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारों और PET परीक्षा को लेकर जालौन परिवहन निगम ने की तैयारी, यात्रियों को नहीं होगी बसों की कमी

Published: Sun, 18 Oct 2026 02:57 PM (IST)

रोडवेज ने आगामी नवरात्र, दशहरा, दीपावली और पीईटी परीक्षा के लिए जालौन में विशेष व्यवस्थाएं की हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. त्योहारों और पीईटी परीक्षा हेतु रोडवेज की विशेष व्यवस्था।

  2. यात्रियों के लिए अतिरिक्त बसें और रिजर्व में भी बसें।

  3. बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात।

जागरण संवाददाता, जालौन। नवरात्र, दशहरा को देखते हुए रोडवेज ने व्यवस्था मजबूत कर ली है। इसके साथ ही पीईटी परीक्षा को देखते हुए परिवहन निगम ने अभी से कर्मचारियों को निर्देश दे दिए हैं। इसके साथ ही रिजर्व में भी बसें रखने की योजना बनाई गई है। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।

दशहरा-दीपावली पर्वों पर यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। इस बार दशहरा और दीपावली के बीच में पीईटी परीक्षा भी आयोजित की जा रही है। यही कारण है कि रोडवेज ने अभी से व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली हैं। विभाग के अधिकारियों की मानें तो दशहरा पर भीड़ ज्यादा नहीं होती है फिर भी बसों के अतिरिक्त फेरे लगवाए जाने की योजना बनाई गई है।

जिस रूट पर जरूरत पड़ेगी उस पर बसों को दौड़ा दिया जाएगा। 25 अक्टूबर से पीईटी परीक्षा शुरू होने वाली है। तीन दिनों में यह परीक्षा होनी है। इसको लेकर भी इंतजाम किए जा रहे हैं। झांसी, अलीगढ़ रूट पर परीक्षार्थियों की भीड़ होने की संभावना है। इसको देखते हुए इन रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।

इसके लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। सुबह के लिए रात में ही बसों को स्टैंड पर खड़ा कर दिया जाएगा जिससे परीक्षार्थियों के साथ ही सामान्य यात्रियों को दिक्कत न हो। इसके साथ ही त्योहारों, परीक्षा को देखते हुए कुछ बसें रिजर्व में भी रखी जाएंगी। जिससे कि जरूरत के मुताबिक उन्हें संबंधित रूटों पर पर चलाया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें- जालौन में एक दिन की थानेदार बनते ही एक्शन में दिखी 11वीं की छात्रा कशिश वर्मा, अपहरण के मामले में दर्ज किया मुकदमा

यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए भी अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं। बस स्टैंड के साथ ही रेलवे स्टेशन पर भी अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात किया जाएगा। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ को निर्देश दिए जा चुके हैं। परीक्षा के दौरान सिविल पुलिस भी मौजूद रहेगी। रेलवे ने भी त्योहारों को देखते हुए स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं।

त्योहारों और परीक्षा को देखते हुए कर्मचारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। जरूरत के मुताबिक बसों का संचालन किया जाएगा। जिन रूटों पर दबाव बढ़ेगा और यात्री अधिक होंगे उन पर अतिरिक्त फेरे लगवाए जाएंगे।- केके सिंह, डिपो प्रबंधक