विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आयुष्मान कार्ड से वंचित परिवारों के लिए नई पहल, अब पहुंचेगा प्राइवेट अस्पताल का 'हाथ'

Published: Mon, 05 Oct 2026 12:39 PM (IST)

जालौन में स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड से वंचित परिवारों को लाभ पहुंचाने के लिए नई पहल की है।

आयुष्मान कार्ड।

आयुष्मान कार्ड।

HighLights

  1. स्वास्थ्य विभाग की पहल, निजी अस्पताल गोद लेंगे गांव।

  2. विशेष शिविरों के माध्यम से आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।

  3. 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के कार्ड पर जोर।

जागरण संवाददाता, जालौन। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिले में पात्र होने के बावजूद आयुष्मान कार्ड से वंचित परिवारों को योजना का लाभ दिलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल शुरू की है।

योजना में सूचीबद्ध प्राइवेट चिकित्सालयों ने अपने क्षेत्र के पांच-पांच ग्राम पंचायतों को गोद लिया है। इन गांवों में विशेष शिविर लगाकर शत-प्रतिशत अवशेष पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। अभियान में 70 वर्ष और इससे अधिक उम्र के बुजुर्गों के वय वंदना कार्ड बनाने पर विशेष जोर रहेगा।

मुख्य चिकित्साधिकारी डा. हरिनंदन प्रसाद ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से पात्र लाभार्थियों को घर के नजदीक ही आयुष्मान कार्ड बनवाने की सुविधा मिलेगी। प्राइवेट अस्पतालों के सहयोग से गांवों में शिविर लगाकर पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जा रहा है।

आयुष्मान योजना के कार्यक्रम प्रभारी डॉ. आशीष कुमार झा ने बताया कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी आयुष्मान भारत उत्तर प्रदेश के निर्देश पर प्राइवेट चिकित्सालयों ने स्वेच्छा से पांच-पांच ग्राम पंचायतों का चयन किया है। गोद लिए गांवों में शिविर लगाने के साथ ग्रामीणों को योजना के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें जिले में योजना के तहत सूचीबद्ध सरकारी और प्राइवेट चिकित्सालयों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

वोहदपुरा में लगाया गया शिविर

इसी क्रम में रविवार को उर्मिला हास्पिटल की ओर से डकोर विकास खंड के वोहदपुरा ग्राम पंचायत में शिविर लगाया गया। इसमें 22 पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। ग्राम प्रधान के सहयोग से आयुष्मान मित्र दिव्यांशु तिवारी ने गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों को योजना की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया।

दो पात्रों की बातचीत

आयुष्मान कार्ड से बच्चे के इलाज में उन्हें आर्थिक मदद मिल जाने से काफी सुविधा मिल गई थी। 

-कालिका प्रसाद, कदौरा।

कई बार आयुष्मान कार्ड होने पर भी संबद्ध प्राइवेट अस्पताल संचालक मरीजों को परेशान किया करते हैं, इस पर रोक लगे।

-संतोष कुमार, कुठौंद।

ऐसे बनवाएं आयुष्मान कार्ड

आयुष्मान योजना के कार्यक्रम प्रभारी डॉ. आशीष कुमार झा कहते हैं कि घर बैठे अपने मोबाइल से आयुष्मान ऐप या आधिकारिक पोर्टल के जरिए आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। इसमें आवश्यक दस्तावेज में आधार कार्ड, राशन कार्ड या परिवार आईडी, आधार से जुड़ा चालू मोबाइल नंबर दें।

मोबाइल से आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया

ऐप डाउनलोड करने के लिए अपने फोन के गूगल प्ले स्टोर से आयुष्मान एप डाउनलोड करें। बेनिफिशरी (लाभार्थी) विकल्प चुनें, अपना मोबाइल नंबर और कोड दर्ज करें। इसके बाद आपके नंबर पर आए ओटीपी से वेरिफाई करके लागिन करें।

यह भी पढ़ें- बलिया में डॉक्यूमेंट में अलग नाम होने से अटके आयुष्मान कार्ड, अब डीएम स्तर पर समाधान की तैयारी