जालौन में किराए पर कमरा लेने आई महिला से सिपाही ने किया दुष्कर्म का प्रयास, मुकदमा दर्ज
जालौन के बघौरा मुहल्ला में किराए का कमरा देखने आई महिला से एक सिपाही ने दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध ...और पढ़ें
-1773317556335_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जालौन। शहर के बघौरा मुहल्ला में किराए पर कमरा लेने आई महिला के साथ मकान मालिक सिपाही ने दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपित ने महिला के पति से मारपीट की। आरोपित सिपाही जनपद झांसी के तहसील गरौठा थाना ककरबई में तैनात है। मामले की तहरीर महिला ने सदर कोतवाली में देकर गुरुवार को दुष्कर्म के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया। घटना के बाद से सिपाही फरार है। कोतवाली पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
शहर के बघौरा मुहल्ला निवासी देवेंद्र यादव वर्तमान में झांसी के ककबई में सिपाही के पद पर तैनात है। शहर के एक मुहल्ला निवासी महिला ने गुरुवार को सदर कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दस मार्च को अपने पति के साथ एक मामले में तारीख पर गरौठा न्यायालय गई थी।
मकान किराए पर देने की कही बात
वहां पति को उनके पूर्व परिचित सिपाही देवेंद्र यादव मिले, जो कि थाना ककरबई में सिपाही के पद पर तैनात है। उनके पति ने देवेंद्र से कहा कि उसे रहने के लिए उरई शहर में किराए के मकान की आवश्यकता है। देवेंद्र ने कहा कि उसका मकान बघौरा में विकास प्राधिकरण कार्यालय के पास है, किराए पर दे देंगे।
इसके बाद वह पति के साथ देवेंद्र की गाड़ी से उरई आई और उनके मकान को देखा। 11 मार्च की शाम के वक्त वह पति के साथ मकान में सामान रखने के लिए उसकी धुलाई कर रही थी कि तभी देवेंद्र आया और उसको दबोच लिया, दुष्कर्म की कोशिश करने लगा।
आवाज सुनकर कमरे में दौड़ कर आए पति ने विरोध किया तो उसने उन्हें पीटा। सदर कोतवाली निरीक्षक हरीशंकर चंद ने शिकायती पत्र के आधार पर सिपाही के विरुद्ध दुष्कर्म के प्रयास व मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया।
यह भी पढ़ें- अंबेडकरनगर में ट्यूबवेल पर सो रहे वृद्ध की पीट-पीट कर हत्या, खून से लथपथ मिली लाश
सीओ राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि सिपाही के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास और मारपीट करने की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच कराई जा रही है। आरोपित की जल्द गिरफ्तारी कर विभागीय कार्रवाई के लिए भी पत्र लिखा जाएगा।
