अंबेडकरनगर में ट्यूबवेल पर सो रहे वृद्ध की पीट-पीट कर हत्या, खून से लथपथ मिली लाश
अंबेडकरनगर के पृथ्वीपुर गांव में ट्यूबवेल पर सो रहे एक वृद्ध बहाऊ राजभर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सुबह ...और पढ़ें

HighLights
ट्यूबवेल पर सो रहे वृद्ध बहाऊ राजभर की हत्या।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
लूट की आशंका खारिज, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही।
संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। ट्यूबवेल पर सो रहे वृद्ध की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। सुबह खून से लथपथ शव विस्तार पर पड़ा मिला। पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, स्वाट टीम प्रभारी व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच किया।
स्वजन व ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस व फारेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र किया। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोते के तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
छह साल पहले मौत हो गई थी बेटे की मौत
पृथ्वीपुर गांव के बहाऊ राजभर के बेटे की करीब छह साल पहले मौत हो गई थी। वह पुत्रवधू सुनीता व पोते अजीत के साथ घर पर रहते थे। प्रतिदिन की भांति वृद्ध बहाऊ राजभर बुधवार की शाम करीब सात बजे खाना खाकर गांव के करीब 200 मीटर की दूरी पर खेत में स्थित ट्यूबवेल पर सोने गए थे। सुबह ग्रामीण नित्यक्रिया के लिए ट्यूबवेल की तरफ गये थे।
यहां लगे हैंडपंप से पानी लेने के दौरान देखा तो दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद थी। ग्रामीणों ने समझा के नित्यक्रिया के लिए गए होंगे। काफी देर बाद वह नहीं लौटे तो ग्रामीणों ने कुंडी खोला तो खून से लथपथ शव तख्त पर देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बिस्तर पर 500 रुपये का नोट पडा था। चेहरे पर खून व पैर तथा सीने पर खरोंच के निशान मौजूद थे।
इसकी जानकारी होते ही थोड़ी देर में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। पृथ्वीपुर गांव पहुंचे पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने ग्रामीणों के अलावा मृतक की पुत्रवधू व पोते से पूछताछ की। बताया कि ससुर की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वह करीब 25 साल से प्रतिदिन ट्यूबवेल पर सोने के लिए जाते थे।
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी शुभम कुमार, थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार के अलावा स्वाट टीम प्रभारी को शीघ्र घटना के अनावरण का निर्देश दिया। सर्विलांस सेल को फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने मौके पर पहुंचकर जांच करते हुए साक्ष्य एकत्र किया। पाेते अजीत ने पुलिस को अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
बुधवार को जमा किया था क्रेडिट कार्ड का ऋण
मृतक बहाऊ राजभर बुधवार को 45 हजार रुपये किसान क्रेडिट कार्ड का बकाया ऋण जमा करने गए थे। पुलिस को आशंका थी कि कहीं रुपया लूटा तो नहीं गया है। हालांकि पासबुक में रुपया जमा होने की पुष्टि होने पर लूट की घटना से इन्कार किया है। मृतक के पास मिले करीब 700 रुपये पुलिस ने स्वजन को दिया।
दिल्ली और मुंबई में रहते हैं दो पोते
पुत्रवधू व पाते के साथ मृतक घर पर रहता था। बेटे की पहले ही मौत हो चुकी है। रोजी-रोटी के सिलसिले में एक पोता विशाल मुंबई और दूसरा सुदीप दिल्ली में रहता है। तीसरा पोता अजीत मां के संग घर पर रहता है।
पुलिस टीमें सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। हत्या का मुकदमा अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया गया है। शीघ्र ही घटना का अनावरण कर दिया जाएगा। - हरेंद्र कुमार, एएसपी
