विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में नशे में धुत पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल, वर्दी में गिरते-पड़ते नजर आए दारोगा और सिपाही

Published: Thu, 17 Sep 2026 03:53 PM (IST)

जालौन में वर्दी पहने एक दारोगा और सिपाही नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए दिखे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर ...और पढ़ें

HighLights

  1. वर्दी में दारोगा और सिपाही नशे में लड़खड़ाते दिखे।

  2. कोंच बस स्टैंड के पास का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।

  3. पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के आदेश दिए।

जागरण संवाददाता, जालौन। शहर के कोंच बस स्टैंड के पास मंगलवार की शाम पुलिस लाइन में तैनात दारोगा और उरई सदर कोतवाली में तैनात पुलिसकर्मी वर्दी में लड़खड़ाते और गिरते-पड़ते नजर आए।

किसी ने उनका वीडियो बना लिया और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। दैनिक जागरण किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने इसका संज्ञान लिया। मामले की जांच एएसपी डा. ईशान सोनी कर रहें हैं।

कोंच बस स्टैंड के पास करीब 16 सेकेंड के प्रसारित वीडियो में वर्दी पहने सिपाही लड़खड़ाकर पीआरवी की गाड़ी में बैठते नजर आ रहा है। जबकि दारोगा एक प्राइवेट कार में बैठा लड़खड़ाकर बोलता नजर आ रहा है। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को इस तरह शराब के नशे में धुत देख आसपास लोगों की भीड़ लग गई।

इस घटना को लेकर इंटरनेट मीडिया पर भी लोग कई तरह से कमेंट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिख रहा सिपाही लवलेश यादव कोतवाली में तैनात है। दूसरे पुलिस लाइन में तैनात दारोगा विपिन द्विवेदी हैं। वह शराब के इतने नशे में दिख रहे हैं कि ठीक से चल भी नहीं पा रहे।

इनका बुधवार को वीडियो प्रसारित होने पर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संज्ञान लिया, उन्होंने कहा कि वीडियो की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में दारोगा विपिन द्विवेदी का कहना है कि उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। मामले की जांच कर रहे एएसपी डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि वीडियो की जांच कराई जाएगी, उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें- पीएम मोदी का जन्मदिन: सीएम योगी ने वीडियो शेयर कर खास अंदाज में दी बधाई, अखिलेश-मायावती ने क्या कहा?