'तुम्हारी औकात बता दूंगा...', यूपी में पुलिस वाले की वर्दी फाड़ने और धमकाने वाले भाजयुमो नेता पर FIR
जालौन में पुलिसकर्मी से अभद्रता, धमकी और वर्दी फाड़ने के आरोप में भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री हर्ष कौशिक ...और पढ़ें

पुलिस वाले को धमकाने और वर्दी फाड़ने के आरोपी भाजयुमो जिला मंत्री पर FIR।
HighLights
पुलिसकर्मी को धमकाने और वर्दी फाड़ने का आरोप।
भाजयुमो जिला मंत्री हर्ष कौशिक पर मुकदमा दर्ज।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर हुआ वायरल।
जागरण संवाददाता, जालौन। मंगलवार की शाम सदर कोतवाली के सामने पुलिसकर्मी द्वारा रोकने पर बाइक सवार की ओर से की गई अभद्रता और धमकाने के साथ वर्दी फाड़ने के मामले में आरोपित भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इस घटना का एक चार मिनट का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया था। इसका संज्ञान लेकर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने जांच कराई और आरोपित की शिनाख्त कराने के बाद पीड़ित पुलिसकर्मी की तहरीर पर कार्रवाई की गई है।
शहर के शहीद भगत सिंह चौराहे पर ट्रैफिक सिपाही सत्येंद्र कुमार ड्यूटी कर रहे थे। मंगलवार शाम को वह वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान आंबेडकर चौराहे की तरफ से एक बुलट बाइक बिना नंबर प्लेट के आती दिखी। जिसे रोका गया तो बाइक चालक कहने लगा कि...मुझे जानते नहीं हो मैं हर्ष कौशिक हूं, तुम मेरे बारे में नहीं जानते हो..तुम्हें तुम्हारी औकात बता दूंगा। नौकरी करने आए हो नौकरी करो नहीं तो सिखा दूंगा...।
इसके बाद वर्दी की कालर पकड़ी और धक्का मुक्की करते हुए कहा कि दोबारा गाड़ी रोकी तो जान से मार दूंगा। तुम्हें नौकरी से बर्खास्त करा दूंगा। इस पूरे घटनाक्रम का पास में खड़े एक युवक ने वीडियो बना लिया था और कुछ ही देर में उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया था।
हेड कांस्टेबल सत्येंद्र कुमार की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को आरोपित भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री हर्ष कौशिक पर पुलिसकर्मी को जान से मारने दी धमकी देने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सदर कोतवाली निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। मामले में हर्ष कौशिक ने कहाकि सिपाही की ओर से भी अभद्रता की गई थी, इसी से विवाद बढ़ा था।
इस संबंध में भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अमिय त्रिपाठी ने कहा कि विवाद दोनों तरफ से हुआ था, फिलहाल हर्ष एक जिम्मेदारी कार्यकर्ता है, सामान्य रूप से सिपाही के साथ व्यवहार करना चाहिए था, उससे गलती तो हुई है।
यह भी पढ़ें- चित्रकूट में झूठे केस की धमकी से डरे युवक ने लगाई फांसी, परिजनों के हंगामे के बाद 4 पर FIR
आरोपित युवक पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विवेचना के बाद चार्जशीट लगा दी जाएगी। बाइक को भी सीज करने की कार्रवाई होगी।
डॉ. ईशान सोनी, अपर पुलिस अधीक्षक
