कोहरे की धुंध ने थामी ट्रेनों व वाहनों की रफ्तार
हनों की हेडलाइट तो जलाई रखी गई लेकिन इसके बावजूद एक मीटर की दूरी तक देख पाना संभव नहीं था।
जागरण संवाददाता, उरई : सर्दी के साथ ही कोहरे ने भी दस्तक देनी शुरू कर दी है। शुक्रवार रात से कोहरा अपना प्रभाव दिखाने लगता है। शनिवार की सुबह जबरदस्त कोहरा वातावरण में व्याप्त रहा। इससे वाहनों के पहियों की रफ्तार थम गई। शहर की सड़कों पर स्कूली वाहन रेंगते हुए नजर आए। दिन में भी चालक वाहनों की हेडलाइट जलाते दिखे। हालत यह थी कि पास में एक मीटर की दूरी पर देख पाना संभव नहीं था। दस बजे के आसपास कोहरे की चादर छंटने के बाद ही राहत मिल सकी। वहीं कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार भी थम गई।
सर्दी शुरू हो चुकी है। अब कोहरा भी अपना प्रभाव दिखाने लगा है। शनिवार को सुबह पूरे वातावरण को कोहरा छाया हुआ था। देखने से लग रहा था मानो बादल ही आसमान से उतरकर धरती पर आ गए हैं। घने कोहरे की वजह से बड़े वाहन तो सड़कों के किनारे खड़े हो गए, लेकिन स्कूली वाहन जरूर चल रहे थे। कोहरा होने की वजह से वाहनों की हेडलाइट तो जलाई रखी गई लेकिन इसके बावजूद एक मीटर की दूरी तक देख पाना संभव नहीं था। इससे वाहन रेंगते हुए प्रतीत हो रहे थे। कोहरे ने वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिए। सुबह जल्दी काम काज पर जाने वाले भी कोहरे की वजह से प्रभावित नजर आए। लगभग दस बजे कोहरे की धुंध छंट जाने के बाद ही लोगों को राहत मिल सकी।