96.57 करोड़ से शहर में कराए जाएंगे विकास कार्य
जागरण संवाददाता उरई नगरपालिका बोर्ड की बैठक शनिवार को शांतिपूर्वक निपट गई। हालां
जागरण संवाददाता, उरई : नगरपालिका बोर्ड की बैठक शनिवार को शांतिपूर्वक निपट गई। हालांकि कुछ सभासदों ने सहभागिता नहीं की। वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए 96 करोड़ 57 लाख का बजट प्रस्तावित किया गया। जिसको सभी ने मंजूरी दे दी। इसमें पांच करोड़ रुपये प्रकाश व्यवस्था पर खर्च करने की बात रखी गई। इसके साथ ही गत वित्तीय वर्ष का लेखा जोखा एके मिश्रा ने पेश किया। नगरपालिका की आय बढ़ाए जाने पर विचार हुआ।
शनिवार को चेयरमैन अनिल बहुगुणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि 14वें वित्त से विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही जो बजट प्रस्तावित किया गया है उससे सभी आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। जहां समस्याएं अधिक हैं वहां पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य होगें। इस बोर्ड बैठक में कई सभासद शामिल नहीं थे। सांसद भानु प्रताप वर्मा ने कहा कि नगरपालिका को अपनी आय बढ़ाने के प्रयास करने चाहिए। साथ ही उन कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए जिनके न होने से लोगों को परेशानी हो रही है। उनकी इस बात पर सभी ने सहमति व्यक्त की। अधिशाषी अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि नगरपालिका संसाधनों को बढ़ाने पर पूरा विचार कर रही है। समुचित प्रयास किए जा रहे हैं। उपस्थित सभासदों से भी सुझाव मांगे गए। इस मौके पर सभासद सुखदेव पाल, अनिल तिवारी, विपिन सेठ, कल्पना राजपूत, योगिता यादव, रामश्री, मंती देवी, अमित गुप्ता, मुकेश यादव, शादाब, महेश, हाशिम, मानवेंद्र आदि उपस्थित रहे।