UP में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना आज से लागू; ‘अम्मा, अब टिकट नहीं लगेगा, उम्र 60 पार हैं तो सफर जिंदगी भर मुफ्त’
उत्तर प्रदेश में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में ...और पढ़ें

HighLights
60 वर्ष से अधिक महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा।
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना हुई लागू।
पहचान पत्र दिखाने पर मिलेगा योजना का लाभ।
जागरण संवाददाता, उरई। रोडवेज बस में बैठीं 62 वर्षीय दयावती ने पुखरायां जाने के लिए परिचालक से पूछा कि रक्षाबंधन के कारण आज भी किराया नहीं लगेगा क्या? परिचालक ने कहा, “अम्मा, अब आपका टिकट नहीं लगेगा। आपकी उम्र 60 साल से अधिक है, इसलिए अब आप निश्शुल्क यात्रा कर सकती हैं। बस आधार कार्ड या पहचान पत्र साथ लेकर चलिए।” यह सुनते ही दयावती के चेहरे पर मुस्कान आ गई। उन्होंने कहा कि सरकार ने बुजुर्ग महिलाओं के लिए अच्छी सुविधा शुरू की है।
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। योजना रक्षाबंधन की निश्शुल्क यात्रा के साथ ही लागू हो गई थी, लेकिन रक्षाबंधन की विशेष निश्शुल्क यात्रा समाप्त होने के बाद रविवार को इसका पहला सामान्य दिन रहा। पहले दिन बस स्टैंड पर कई महिलाएं ऐसी मिलीं, जिन्हें इस योजना की जानकारी नहीं थी। जानकारी मिलने के बाद उन्होंने परिचालकों से पूछताछ की और पात्रता की जानकारी ली।
आधार नहीं तो देना पड़ा किराया
योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं को अपनी उम्र प्रमाणित करने के लिए आधार कार्ड या अन्य मान्य पहचान पत्र साथ रखना जरूरी है। पहले दिन कुछ महिलाएं बिना दस्तावेज के बस स्टैंड पहुंच गईं। परिचालकों ने उनसे आधार कार्ड या पहचान पत्र मांगा, लेकिन दिखा नहीं पाने पर उन्हें किराया देकर यात्रा करनी पड़ी।
103 बसों से संभाला मोर्चा
रविवार को उरई डिपो की 103 बसें विभिन्न मार्गों पर चलाई गईं। दूसरे डिपो की बसें भी उरई बस स्टैंड से होकर गुजरीं। सामान्य दिनों में रोडवेज से प्रतिदिन करीब सात से आठ हजार यात्री यात्रा करते हैं, लेकिन रक्षाबंधन की वजह से यात्रियों की संख्या अधिक रही। दोपहर तीन बजे तक बड़ी संख्या में यात्री अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके थे। रामपुरा, जालौन और कोटरा रूट पर स्थानीय स्तर से अतिरिक्त बसों और फेरों की व्यवस्था की गई, जिससे यात्रियों को राहत मिली।
महिलाओं की प्रतिक्रिया
चिरगांव के अंदर जाने के लिए बस नहीं मिल रही है। सभी बसें बाईपास से होकर जा रही हैं। अंदर जाने के लिए अलग से बस का इंतजार करना पड़ रहा है।
सुशीला, यात्री
औरैया जाने के लिए बस में आसानी से सीट मिल गई और किराया भी नहीं लगा। 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए यह सुविधा काफी अच्छी है।
रीमा, यात्री
क्या कहते जिम्मेदार
रक्षाबंधन की विशेष निश्शुल्क यात्रा समाप्त होने के बाद अब सामान्य दिनों में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को इस सुविधा का लाभ मिलेगा। कई महिलाएं उम्र पूरी होने के बावजूद यह नहीं जानती थीं कि उन्हें अब रोडवेज बसों में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। बस स्टैंड पर कर्मचारियों ने महिलाओं को योजना की जानकारी दी। योजना की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचने पर निश्शुल्क यात्रा करने वाली वरिष्ठ महिलाओं की संख्या बढ़ेगी।
केपी सिंह, डिपो इंचार्ज
