कार्यकर्ताओं के घर पहुंच स्टीकर, झंडा लगाएगी भाजपा
आज से शुरू होगा पार्टी का मेरा परिवार, भाजपा परिवार अभियान - अमित शाह अपने घर पर झंडा लगाकर करेंगे अभियान की शुरुआत
संवाद सहयोगी, हाथरस: भाजपा मंगलवार से 'मेरा परिवार, भाजपा परिवार' अभियान शुरू करने जा रही है। अभियान के तहत पार्टी के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि अपने बूथ में कार्यकर्ताओं के घर पर पार्टी का झंडा और स्टीकर लगाएंगे। अमित शाह मंगलवार सुबह नौ बजे अपने घर पर झंडा और स्टीकर लगाकर अभियान का शुभारंभ करेंगे।
जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, जिला अभियान प्रमुख प्रेम¨सह कुशवाह और जिला महामंत्री रूपेश उपाध्याय ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर बताया कि 12 फरवरी से 22 फरवरी तक 'मेरा परिवार भाजपा परिवार' अभियान चलाया जाएगा। 12 और 13 फरवरी को जिले में निवास करने वाले पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि बूथ कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा करेंगे। सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल करेंगे। इसके बाद 14 व 15 फरवरी को मंडल कार्य समिति के सभी पदाधिकारी, सदस्य, सेक्टर प्रभारी, सेक्टर संयोजक आदि इसी तरह बूथ पर कार्यक्रम करेंगे। 16 व 17 को मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभाग के अन्य पदाधिकारियों को यह कार्यक्रम करना होगा। 18 से 22 फरवरी तक प्रत्येक बूथ पर बूथ अध्यक्ष, बीएलए, बूथ लाभार्थी प्रमुखों के नेतृत्व में बनी तीन जनसंपर्क टोलियां कार्यकर्ताओं के घर जाकर वहां पार्टी का झंडा व स्टीकर लगाएंगे। प्रेसवार्ता में लोकसभा विस्तारक रीतेश पाठक, हरीशंकर राना, रामकुमार वर्मा, संतराज ¨सह, संजय सक्सेना, विशाल गुप्ता आदि मौजूद थे।