Move to Jagran APP

ऐंहन में गोली मारकर महिला की हत्या

देवर ने तीन लोगों पर लगाया हत्या का आरोप पुलिस कर रही छानबीन सीओ सिकंदराराऊ व इंस्पेक्टर हाथरस जंक्शन ने की पड़ताल।

By JagranEdited By: Published: Sat, 12 Jun 2021 12:57 AM (IST)Updated: Sat, 12 Jun 2021 12:57 AM (IST)
ऐंहन में गोली मारकर महिला की हत्या

संवाद सहयोगी, हाथरस : कोतवाली हाथरस जंक्शन के गांव ऐंहन में शुक्रवार दोपहर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका के देवर ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि मृतका के भाई ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी है। घटना के बाद से पति फरार है।

loksabha election banner

ऐंहन निवासी 33 वर्षीय सरोज पत्नी अतुल सिसोदिया दोपहर में अपने घर पर ऊपरी मंजिल पर सो रही थीं। परिवार के अन्य सदस्य सास व ननद नीचे के कमरों में सो रहे थे। स्वजन ने बताया कि दोपहर करीब ढाई बजे गोली चलने की आवाज पर ऊपर जाकर देखा तो सरोज खून से लथपथ तड़प रही थी। आनन-फानन परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में महिला की मौत हो गई। वहां से लौटकर स्वजन फिर जिला अस्पताल पहुंचे। काफी देर बाद पुलिस को जानकारी दी। सीओ सिकंदराराऊ सुरेंद्र सिंह व इंस्पेक्टर हाथरस जंक्शन राजीव यादव मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्वजन व गांव के लोगों से जानकारी ली। मृतका का पति न तो जिला अस्पताल आया और न ही गांव में मिला। पुलिस ने बताया कि मृतका का पति क्षेत्र पंचायत सदस्य रह चुका है। उसके खिलाफ जानलेवा हमले, गैर इरादतनत हत्या, गुंडा एक्ट समेत कई धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं। कुछ दिन पूर्व ही एक मामले में वह जेल से छूटकर आया है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना महिला के मायके वालों को दी। एसपी विनीत जायसवाल के अनुसार अलीगढ़ के अकराबाद थानाक्षेत्र के गांव चांदपुर निवासी महिला के भाई ने पुलिस को बताया है कि उसका बहनोई अतुल अपराधी किस्म का है। वह कई बार जेल जा चुका है। वह अक्सर बहन के साथ मारपीट करता था। कई दिन से परिवार में कलह चल रही थी। इसी के चलते उसने ही गोली मारकर हत्या की है और फरार हो गया। एसपी ने बताया कि मायके वालों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

नगला अलगर्जी में मिला युवक का शव

फोटो- 34, 35

संस, हाथरस : कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला अलगर्जी में शुक्रवार की देर शाम को एक युवक का शव पड़ा मिला। उसकी शिनाख्त तमनागढ़ी के युवक के रूप में हुई।

पुलिस की मानें तो तमनागढ़ी निवासी 36 वर्षीय विपिन लवानिया शाम को करीब साढ़े पांच बजे घर से खाना खाकर निकला। देर शाम उसका शव नगला अलगर्जी में पड़ा मिला। हाथरस गेट इंस्पेक्टर क्राइम रवेन्द्र यादव का कहना है कि मुंह से झाग निकल रहे थे। स्वजन की ओर से जानकारी दी गई है कि मृतक नशे का आदी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण पता चलेगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.