सत्ता में आए तो राशन के साथ आलू भी देंगे : जयंत
सादाबाद में रालोद की आशीर्वाद पथ सभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर बोला हमला।
जासं, हाथरस : राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि उनकी पार्टी सूबे की सत्ता में आई तो गरीबों को राशन के साथ आलू भी दिया जाएगा। प्रति यूनिट तीन किलो आलू राशन कार्ड पर वितरित किया जाएगा।
छाबी मियां बाग में आयोजित आशीर्वाद पथ सभा में दोपहर करीब एक बजे जयंत चौधरी हेलीकाप्टर से पहुंचे। मिनी छपरौली कहे जाने वाले जाट बहुल क्षेत्र सादाबाद में विधानसभा चुनाव की तैयारी पर हुंकार भरी। भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। कहा कि महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल है। देशभर में किसानों पर अत्याचार हो रहे हैं। लखीमपुर खीरी कांड की वीडियो देखता हूं तो दिल दहल जाता है। ऐसी सरकार को सत्ता से बाहर कर देना चाहिए। इसके लिए एक-एक वोट की ताकत दिखानी है। किसान कठिन परिस्थिति से गुजर रहा है।
जयंत ने कहा कि हालात समझने की जरूरत है। प्रदेश में सत्ता बचाने के लिए जमकर झूठ बोला जा रहा है। हाथरस प्रकरण में घटना की असलियत जानने आए पत्रकारों को जेल भेज दिया गया और अब आंदोलन कर रहे किसानों को नोटिस दिए जा रहे हैं। पाकिस्तान के पीएम इमरान खान के जन्मदिन पर हमारे पीएम ट्वीट कर सकते हैं, मगर लखीमपुर खीरी की घटना पर नहीं। पीएम ने आगरा में सभा के दौरान लुभावना वादा किया था कि हम ब्रज क्षेत्र में आलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए उद्योग लगाएंगे, मगर सारे वादे लुभावने हैं। पूरे देश में आलू की पैदावार पांच करोड़ 30 लाख टन होती है, जिसमें 37 फीसद आलू अकेले यूपी और उसमें भी ब्रज क्षेत्र में होता है। सत्ता में रालोद के आने पर आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया जाएगा। आलू को खरीदने के साथ ही गरीबों को राशन कार्ड पर प्रति यूनिट तीन किलो देंगे। किसानों की सम्मान निधि छह हजार से बढ़ाकर 12 हजार की जाएगी। सीमांत किसानों को 15 हजार रुपये दिए जाएंगे।
कांग्रेस से गठबंधन नहीं,
सपा से चल रही बात
जासं, हाथरस : मीडिया से बातचीत में जयंत चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर कांग्रेस से कतई गठबंधन नहीं करेंगे। समाजवादी पार्टी से गठबंधन पर बातचीत चल रही है। अंतिम निर्णय जल्द लिया जाएगा।
लखीमपुर खीरी के सवाल पर जयंत ने कहा कि सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, मगर मंत्री के आरोपित बेटे की गिरफ्तारी में पांच दिन बीत गए। सरकार केंद्रीय गृह राज्यमंत्री की बर्खास्तगी भी नहीं कर रही है। एक अन्य सवाल पर बोले, हम यूपी में पूरे दमदारी के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। मजबूत उम्मीदवारों को उतारा जाएगा। किसान हित की बात करने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।