सप्लाई चैनल में खतरे के निशान से ऊपर बह रहा पानी
संवाद सूत्र, हाथरस : थाना हसायन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जरेरा के समीप से गुजर रहे सप्लाई चैनल बम्बा
संवाद सूत्र, हाथरस : थाना हसायन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जरेरा के समीप से गुजर रहे सप्लाई चैनल बम्बा में पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। जिससे किसी भी समय खंदी कट सकती है। खंदी कटने के भय से बम्बा किनारे वाले कुछ लोग अपने मकान खाली करके दूसरों के मकान में शरण ले रहे हैं। थाना पुलिस ने इस समस्या को नहर विभाग का बताते हुए अपना पल्ला झाड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार राजवाह सप्लाई चैनल गाव जरेरा से होकर गुजरता है। जिसमें पानी ओवर फ्लो चल रहा है। इस राजवाह में पानी के साथ आधा दर्जन से अधिक मृत पशु बहकर आ रहे हैं। जो पुल में फंस गये हैं। जिससे वातावरण दुर्गध युक्त हो रहा है। ओवर फ्लो पानी के कारण किसी भी समय खंदी कट सकती है। ग्रामीण स्वयं मिट्टी डाल कर खंदी न कटने के लिए परिश्रम कर रहे हैं तथा रात भर जाग कर रखवाली भी कर रहे हैं। भयभीत ग्रामीणों ने थाना हसायन प्रभारी से पानी आपूर्ति कम कराने की गुहार की तो वह आग बबूला हो गये और कहा कि सभी काम पुलिस ही करेगी। यह काम नहर विभाग का है वहा सम्पर्क करो। उधर एसडीओ जलेसर ने कहा कि ऊपर बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने लेबर भेज कर खंदी कटने सम्बंधी संभावनाओं वाली जगह पर मिट्टी डलवाने तथा फंसे मृत पशुओं को निकलवाने की व्यवस्था करवाने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया है।