विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 19, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सिकंदराराऊ में उखड़ी सड़क उखाड़ रही सांस

By JagranEdited By:
Published: Fri, 19 Nov 2021 12:04 AM (IST)

एक तरफ पर्यावरण प्रदूषण से दिल्ली में त्राहिमाम मचा है वहीं सिकंदराराऊ से गुजर रही सडक जर्जर है।

सिकंदराराऊ में उखड़ी सड़क उखाड़ रही सांस
सिकंदराराऊ में उखड़ी सड़क उखाड़ रही सांस

संसू, हाथरस : एक तरफ पर्यावरण प्रदूषण से दिल्ली में त्राहिमाम मचा है, वहीं सिकंदराराऊ से गुजर रहे जीटी रोड की हालत जर्जर होने से चौबीसों घंटे उड़ती धूल लोगों को बीमार बना रही है, मगर इसपर न सरकार का ध्यान है और न ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों का। समाज के हितचिंतक भी चुप्पी साधे हुए हैं। जर्जर सड़क के कारण आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं और फिर घंटों जाम लगता है। बुधवार को लगा जाम तो तीन घंटे के बाद खुल पाया। सड़क से उड़ती धूल का असर जीटी रोड के किनारे बसी बड़ी आबादी पर पड़ रहा है।

नगर के भीतर से गुजर रहा जीटी रोड जगह-जगह उखड़ गया है। वहां गहरे गड्ढे हो गए हैं। रेलवे क्रासिग से लेकर पंत चौराहे से आगे तक सड़क का बुरा हाल है। इन गड्ढों से दिनभर धूल उड़ती रहती है। जब गढ्डों से कोई वाहन फंसता है तो कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। बुधवार शाम को तीन घंटे तक नगर में जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद जाम से निजात मिली। बुधवार को दोपहर से ही जाम लगता रहा। शाम तक जाम की स्थिति भयंकर हो गई। जीटी रोड पर लगे जाम के कारण हाथरस और कासगंज रोड पर भी वाहनों की लंबी कतार लग गई।

फुटपाथों पर कब्जा कब हटेगा

कुछ समय पहले ही सिकंदराराऊ में जीटी रोड के दोनों ओर फुटपाथ बनाए गए हैं। अतिक्रमणकारियों ने फुटपाथ पर कब्जा कर लिया है। आलम यह है कि ढकेल वाले फुटपाथ के आगे जीटी रोड पर खड़े हो जाते हैं। रही सही कसर टेंपो और ई-रिक्शा वाले पूरी कर देते हैं। रास्ता संकरा हो जाने के कारण दिनभर पूरा नगर जाम से जूझता रहता है।

पब्लिक के बोल

हाईवे का निर्माण कार्य जब से शुरू हुआ है, तब से कासगंज की ओर से आने वाला ट्रैफिक भी हाथरस रोड से होकर गुजर रहा है। इससे यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार तहसील दिवस में भी शिकायत की गई, परंतु कोई फायदा नहीं हुआ।

संतोष पुंढीर

मुख्यमंत्री पोर्टल पर दो बार शिकायत कर चुका हूं। बावजूद इसके अभी तक नगर में जाम और उड़ती धूल से निजात नहीं मिल सकी। उपमुख्यमंत्री के आगमन पर सड़क पर पानी का छिड़काव करने के साथ गड्ढे भर दिए थे जो दो दिन बाद ही उखड़ गए।

विनोद कुमार गोला

जीटी रोड पर डिवाइडर बनाया गया है परंतु उसका भी कोई लाभ नहीं मिल रहा है। सड़क में गहरे गड्ढे ही जाम का कारण बने हुए हैं। आए दिन हादसे हो रहे हैं। दो बार तहसील दिवस में भी शिकायत कर चुका हूं।

सुखवीर सिंह

नगर में जाम की समस्या का समाधान कराने के लिए प्रशासनिक अफसरों से कई बार शिकायत कर चुका हूं। कई बार जनप्रतिनिधियों का भी ध्यान आकर्षित कराया, परंतु कोई लाभ नहीं मिला। किसी को चिंता नहीं है।

-हुकुम सिंह बघेल