विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दो-ढाई हजार रुपये कोई भ्रष्टाचार नहीं, UP की मंत्री बेबी रानी बोलीं...इतना तो कागज बनाने में खर्चा

By Abhishek Tayal Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 27 Nov 2026 07:06 PM (IST)

कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने हाथरस में कहा कि पीएम आवास योजना के आवेदन के लिए दो-ढाई हजार रुपये लेना भ्रष्टाचार नहीं है, क्योंकि यह कागजात बनवाने का खर्च है। हालांकि, उन्होंने बाद में स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के नाम पर पैसे लेने वालों पर कार्रवाई होगी और एक एफआईआर भी दर्ज हुई है।

हाथरस में शुक्रवार को पत्रकारों से बात करतीं मंत्री बेबीरानी मौर्य। साथ हैं विधायक अंजुला सिंह माहौर।

हाथरस में शुक्रवार को पत्रकारों से बात करतीं मंत्री बेबीरानी मौर्य। साथ हैं विधायक अंजुला सिंह माहौर।

जागरण संवाददाता, हाथरस। जिले के भ्रमण पर आईं सरकार में कैबिनेट मंत्री और प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने नगर के रमनपुर में आयोजित जन चौपाल के बाद पत्रकारों से कहा कि यदि किसी लाभार्थी से पीएम आवास योजना के तहत आवास आवेदन को कागज बनवाने के लिए दो-ढाई हजार रुपये लिए गए हैं तो ये करप्शन की श्रेणी में नहीं आता, क्योंकि कागज पूरे कराने होते हैं। उसमें खर्च होता है।

दो-ढाई हजार रुपये कोई करप्शन नहीं होता है। यह विवादित बयान बाल विकास एवं पोषण मंत्री बेबीरानी मौर्य ने हाथरस के मौहल्ला रमनपुर में जन चौपाल के बाद पत्रकारों से वार्ता के दौरान दिया। प्रभारी मंत्री वेबी रानी मौर्य ने फिर से स्पष्ट किया कि यदि किसी ने करप्शन के नाम पर पैसे लिए हैं तो उसके खिलाफ कार्रवाई और जांच हो रही है।

मंत्री ने बताया कि संबंधित मामले में विधायक सदर अंजुला माहौर के अनुसार एफआईआर दर्ज हो चुकी है और जांच जारी है। कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने महिलाओं के साथ आयोजित चौपाल के दौरान क्षेत्र की समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।

उन्होंने कहा कि मलिन बस्ती में सुनवाई के दौरान आवास न होने की समस्या सामने आई है। इसलिए कुछ आवेदन पत्र डीएम को दिए जाएंगे ताकि गरीब महिलाओं को घर मिल सकें।

विपक्ष कर रहा अफवाहों से लोगों को भ्रमित

प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने भाजपा पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सरकार की कैबिनेट मंत्री एवं हाथरस की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने भाजपा जिला पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में जिले में संचालित प्रमुख सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों की प्रगति तथा आमजन की समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में प्रभारी मंत्री ने हाथरस सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर एवं सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा के साथ जिले के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित सरकारी अधिकारियों को विकास योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधूरी पड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने तथा जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए। प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार प्रदेश के समग्र विकास, जनकल्याण और प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है।

विपक्ष के पास जनता के बीच उठाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए अफवाहों के माध्यम से लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जन-जन तक पहुंचकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।