टीवी सीरियल रामायण के 'राम', सांसद अरुण गोविल ने किया हाथरस के बच्चों में संस्कारों का संचार
हाथरस के बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक समारोह 'द एपिक श्रीराम' धूमधाम से मनाया गया, जिसमें अभिनेता अरुण गोविल मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने छात्रों को भारतीय संस्कृति और मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया, साथ ही मेधावी विद्यार्थियों को 750 पुरस्कार भी वितरित किए गए।

छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत करते अभिनेता व सांसद अरुण गोविल।
जागरण संवाददाता, हाथरस। बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल हाथरस में वार्षिक समारोह का आयोजन अलीगढ़ रोड स्थित बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में किया गया। खूब पुरस्कार बरसे, इससे मेधावियों के चेहरे खिल गए। इसमें हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने खूब धमाल मचाया। भजन संध्या में प्रभू श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहे प्रसिद्ध अभिनेता अरुण गोविल का मार्गदर्शन बच्चों को मिला।
शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में सांसद एवं सुप्रसिद्ध अभिनेता अरुण गोविल व बीएलएस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन बीएल शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। रामायण में श्रीराम बने अरुण गोविल को देखकर सभी जय श्रीराम के जयकारे लगाने लगे। इस वर्ष वार्षिकोत्सव की मुख्य विषयवस्तु ''द एपिक श्रीराम'' रही। इसके तहत विद्यार्थियों ने भव्य भजन संध्या एवं संपूर्ण रामायण का मंचन प्रस्तुत किया।
संगीत, नृत्य, संवादों और आकर्षक मंच सज्जा के माध्यम से विद्यार्थियों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत कर दिया। पूरी प्रस्तुति में भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों की सुंदर झलक देखने को मिली। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में जीवन में पारिवारिक एवं सामाजिक संबंधों के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला।
उन्होंने अपने लोकप्रिय संवादों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, संस्कारों और जीवन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
सम्मानित किए गए मेधावी
समारोह के दौरान शैक्षणिक, खेलकूद एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 750 पुरस्कार प्रदान किए गए। 90 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावियों को का सम्मानित किया गया।
सीबीएसई कक्षा दसवीं में 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले सौहार्या वाशनेय, 98.2 प्रतिशत अंक के साथ कक्षा बारहवीं की टाॅपर याशिका गौर के साथ शास्त्रीय नृत्य में कला उत्सव के मंडल स्तर के चयनित होने वाली पार्विका जैन को इस विशेष सम्मान से नवाजा गया। इसमें प्रधानाचार्या विद्या बार्टक्के प्रशासनिक अधिकारी कमल शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।