समाज को एक सूत्र में बांधें : बघेल
धूमधाम से आकर्षक झांकियों के साथ निकली अहिल्याबाई होल्कर शोभायात्रा आयोजन -आधा दर्जन झाकियों संग राधा- कृष्ण व नृत्य की झांकी ने मोहा मन -आगरा के सांसद व फिरोजाबाद के विधायक ने लिया भाग
संवाद सूत्र, सादाबाद : महारानी अहिल्याबाई होल्कर की शोभायात्रा शुक्रवार देर रात धूमधाम के साथ निकाली। शोभायात्रा में आधा दर्जन झांकिया लोगों को आकर्षित कर रही थी। शोभा यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने मातेश्वरी अहिल्याबाई होल्कर के छवि चित्र पर दीप प्रज्वलित व आरती उतारकर किया।
शोभायात्रा में भगवान श्रीगणेश, भगवान शंकर परिवार, माता दुर्गा,महारानी अवंतीबाई होल्कर समेत आधा दर्जन झांकियां शामिल थीं। बैंडबाजों की धुन पर थिरकते कलाकार वातावरण को मोहक बना रहे थे। शोभा यात्रा से पहले मोहल्ला आगरा गेट स्थित राजकुमार धनगर के प्रतिष्ठान पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री व आगरा के सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने कहा कि हम सभी लोग अलग-थलग पड़े हुए हैं। हमें एक सूत्र में बंधना हैं। उन्होंने महारानी के बारे में बताया कि उन्होंने अपने राज्य की सीमाओं और इसके बाहर मंदिर, घाट, कुएं और बावड़ियां बनवाईं थीं। उनके राज्य में प्रजा हर तरह से खुशहाल थी। इसके अलावा उन्होंने एक समाज वर्ग के लोगों का साथ लेने का आह्वान किया। कहा कि अपने बच्चों के शैक्षिक स्तर को सुधारें तभी हमारे बच्चे हमारे समाज की स्थिति को सुधार सकते हैं।
कार्यक्रम में फिरोजाबाद के विधायक मनीष असीजा ने भी महारानी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन का गुणगान किया। इससे पूर्व आयोजक ओम प्रकाश धनगर, राजकुमार धनगर, रामकुमार धनगर ने सांसद व विधायक का स्वागत किया। शांति बनाए रखने के लिए चार थानों का फोर्स मौके पर मौजूद था, जिसकी कमान स्वंय सीओ योगेश कुमार व कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र संभाले हुए थे। शोभा यात्रा में चेयरमैन रविकांत अग्रवाल, सतीश चंद पाराशर, सुरेंद्र पाराशर एडवोकेट, डा.यतेंद्र शर्मा, सत्येंद्र पाराशर एडवोकेट, पवन गर्ग, किशोर जैसवाल, सुधीर गर्ग, डॉ.अमर चंदेल, अध्यक्ष ओम प्रकाश धनगर, उपाध्यक्ष रामकुमार धनगर, रोशन लाल ,संयोजक राजकुमार धनगर मौजूद रहे।