कोर्ट में बयान देने जा रही युवती को परिजनों ने पीटा
सहपऊ से बहन की ननद को ले गया था युवक, कोतवाली में भी हुई नोकझोंक ब्लर्ब -बुर्का पहनकर आई थी युवती, परिजनों ने पहचान लिया, वकीलों ने उसे बचाया
संवाद सहयोगी, हाथरस : प्रेमी के साथ गई युवती को बुर्के में देख परिजन बिफर पड़े। कोर्ट परिसर में ही उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। बचाव में आए लड़का पक्ष के लोगों को भी पीटा गया। इससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। युवक ने भी हेलमेट से लड़की वालों को पीटा। मारपीट होने पर वकील लड़की को बचाने के लिए दौड़े। पुलिस के आने पर लड़की को बचाया जा सका। कोतवाली सदर में भी दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई।
आगरा के बरहन थाना क्षेत्र का युवक सहपऊ की युवती को नौ अगस्त को बहला-फुसला कर ले गया था। युवती, युवक की बहन की ननद है। एक साल पहले ही युवक की बहन की शादी हुई थी। इस रिश्ते से घर आना-जाना था। यहीं बहन की ननद से उसके प्रेम संबंध कायम हो गए। दोनों को पता था कि परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं होंगे। इसलिए दोनों ने घर छोड़ दिया। 10 अगस्त को लड़की के पिता ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। लड़का पक्ष के अनुसार कोर्ट मैरिज करने के बाद दोनों हाईकोर्ट में हाजिर हुए। हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी पर स्टे देने के साथ ही निचली अदालत में पुलिस सुरक्षा में युवती के बयान दर्ज कराने के निर्देश हाथरस पुलिस को दिए। हाईकोर्ट के दिशा-निर्देश लेकर प्रेमी युगल सोमवार को सीधे कोर्ट पहुंच गया। परिजनों को डर से युवती बुर्का पहनकर कोर्ट परिसर में पहुंची थी। युवक हेलमेट लगाकर पहुंचा। लड़का पक्ष के लोग भी आसपास खड़े थे। उस दौरान सहपऊ पुलिस वहां नहीं थी। लड़की के परिजनों को सूचना मिल गई थी कि सोमवार को बयान होने हैं, इसलिए वे पूरी तैयारी के साथ कोर्ट पहुंचे। यहां उन्होंने लड़की को पहचान लिया और उसकी ओर लपके। परिजनों को देख लड़की ने बचने के लिए दौड़ लगा दी। वह कोर्ट परिसर की सीढि़यों से दौड़ती हुई नीचे आई, लेकिन उसे परिजनों ने पकड़ लिया और पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में लड़की का बुर्का फट गया।
इधर युवक व उसके साथ आए लोगों ने बीच-बचाव किया तो उन्हें भी पीटा गया। युवक ने बचने के लिए हेलमेट से ही लड़की वालों पर हमला कर दिया, जिसमें लड़की के परिजनों को भी चोट आई। लड़की ने एक अधिवक्ता के चेंबर में भागकर जान बचाई। इधर पुलिस को सूचना दी गई। पीआरवी के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ। सुरक्षा में लड़की को कोतवाली लाया गया। हमला करने वाले लड़की के परिजनों को हिरासत में लिया गया।
कोतवाली सदर पुलिस ने लड़की का चिकित्सीय परीक्षण कराया है। कोतवाली में परिजनों ने लड़की से मिलने का प्रयास किया, लेकिन उसने साफ इन्कार कर दिया। लड़की ने परिजनों से खुद की व युवक की जान को खतरा बताया है। अब मंगलवार को उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। इनका कहना है
युवक-युवती हाईकोर्ट का आदेश लेकर सीधे कोर्ट परिसर पहुंच गए थे। वहां से सूचना मिलने पर सहपऊ से विवेचक व महिला सिपाही को भेजा गया, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही लड़की के परिजनों ने लड़की को पहचान लिया था। उन्होंने लड़की से बात करने का प्रयास किया। बात न करने पर वे आक्रोशित हुए। लड़की की सुरक्षा के लिए फोर्स लगा दिया गया है।
सिद्धार्थ वर्मा, एएसपी हाथरस