दिनदहाड़े महिला के गले से चेन खींचकर भागे बदमाश
बेखौफ लुटेरे -शहर की पॉश कॉलोनी नेहरू कॉलोनी में सनसनीेखेज वारदात -घटना से दहशत में इलाके के लोग कोतवाली हाथरस गेट में शिकायत
जागरण संवाददाता, हाथरस : शहर की पॉश इलाका नेहरू कॉलोनी में शुक्रवार को बाइक सवार दो बदमाश दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन खींचकर ले गए। महिला ने शोर भी मचाया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन जरूर की।
नेहरू कॉलोनी के रहने वाले कपिल अग्रवाल व्यापारी हैं। शुक्रवार की दोपहर उनकी पत्नी संध्या अग्रवाल खरीदारी करने बाजार आई थीं। कोमल कॉम्प्लेक्स से सामान खरीदने के बाद वे ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं। अपराह्न 3.30 पर वे लेबर कॉलोनी वाली गली पर उतर गईं। यहां से पैदल ही नेहरू कॉलोनी अपने घर के लिए जा रही थीं। घर के पास पहुंचते ही एक बाइक सवार दो युवक आए और सोने की चेन पर झपट्टा मारकर फरार हो गए। अचानक चेन खिचने से वे गिर गईं तथा गले में चोट लगी। संध्या ने शोर भी मचाया, लेकिन उस समय गली में कोई नहीं था। थोड़ी देर बाद लोग एकत्रित हुए, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। सौ नंबर पर खबर दी गई। काफी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने पहुंचकर छानबीन की। इलाके की नाकाबंदी कराई गई। चेकिग हुई, लेकिन बाइक सवार बदमाशों का कुछ पता नहीं चल सका। घटना से जहां इलाके के लोग दहशत में हैं, वहीं दिनदहाड़े हुई इस घटना को लेकर आक्रोशित भी हैं। कपिल ने कोतवाली हाथरस गेट में घटना की शिकायत की है।