नशे में था दूल्हा, दुल्हन ने किया शादी से इन्कार
हाथरस बिसावर (सादाबाद) से जलेसर (एटा) के गांव बिचपुरी गई बरात में वरमाला की रस्म के दौरा
हाथरस : बिसावर (सादाबाद) से जलेसर (एटा) के गांव बिचपुरी गई बरात में वरमाला की रस्म के दौरान तमाशा खड़ा हो गया। दूल्हे के मुंह से शराब की बदबू आने पर दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और बरात को बगैर दुल्हन के लौटना पड़ा।
बिसावर से एक युवक की शादी जलेसर के गांव बिचपुरी में तय हुई थी। तयशुदा कार्यक्रम के तहत गाजे-बाजे के साथ बरात बिचपुरी पहुंची। बरात का आतिथ्य सत्कार अच्छे तरीके से हुआ। नाश्ता व बरात चढ़त व अन्य कार्यक्रमों के उपरांत जैसे ही वरमाला की बारी आई, दूल्हे के मुंह से शराब की बदबू आने पर दुल्हन भड़क गई। उसने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। दोनों पक्षों में इस बात को लेकर नोकझोंक प्रारंभ हो गई। बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गई। बताते हैं कि दुल्हन ने दूल्हे की चप्पलों से पिटाई भी की। मामला इतना बढ़ गया कि वधू पक्ष ने शादी से साफ इन्कार कर दिया। हालांकि रिश्तेदारों ने वधू पक्ष को समझाने बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वधू पक्ष ने शादी से साफ मना कर दिया। इसके बाद बिना दुल्हन के ही बरात गांव लौट आई जिसकी चर्चा पूरे दिन होती रही। अब दूल्हा और दुल्हन पक्ष अन्य जगह रिश्ते की कोशिशों में जुट गए हैं।