युवक की हत्या कर शव नहर में फेंका
नहीं हो सकी मृतक की शिनाख्त ब्लर्ब- लाड़पुर में बहटा बंबा में शव मिलने से सनसनी, झाड़ियों में फंसा था, ग्रामीणों की भीड़ जुटी
संवाद सहयोगी, हाथरस : लाड़पुर के बहटा बंबा में युवक का शव मिलने सनसनी फैल गई। शव देखकर साफ हो गया कि हत्या करके पानी में फेंका गया है। देर रात तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने जैसे-तैसे शव निकाला तथा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया।
बदबू के कारण ही ग्रामीणों को शव होने की जानकारी मिली। शव पानी में बहकर आया था तथा यहां झाड़ियों में अटक गया था। शव फूल चुका था तथा जगह-जगह से फट रहा था। कमर व गले पर प्लास्टिक की रस्सी बंधी थी। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों का आरोप है कि काफी देर बाद पुलिस पहुंची। शव झाड़ियों में अटका था। डंडे की मदद से उसे किनारे पर लाया गया तथा बाहर खींचा। शव निकालने के दौरान लग रहा था कि फट ना जाए। पुलिस ने कपड़े में शव को रखा। मृतक के शरीर पर काले रंग की पैंट व चेक की सफेद शर्ट थी। उसकी उम्र लगभग 35 वर्ष बताई गई है। अन्य कोई ऐसा सामान नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सकती। शव आठ-दस दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। पोस्टमार्टम के बाद हाथरस जंक्शन से जिले के सभी थानों के लिए वायरलेस संदेश भेजा गया। एसएचओ केपी ¨सह ने बताया कि जिले से सटे अन्य जिलों के थानों को भी सूचना दी है।