फंदे से लटका मिला महिला का शव, हत्या का आरोप
केशोपुर का मामला पिता ने चार के खिलाफ लिखाई रिपोर्ट
जागरण संवाददाता, हाथरस : हाथरस जंक्शन के गांव केशोपुर में महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। गांव पहुंचे मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
फरिहा (फीरोजाबाद) की रहने वाले सोनी (26) की शादी पांच साल पहले राजकुमार निवासी केशोपुर से हुई थी। शादी के दो साल बाद सोनी के लड़का हुआ। राजकुमार मजदूरी के अलावा मेले में दुकान लगाने का काम करता है। पड़ोसियों के अनुसार शनिवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हो गई थी। इसके बाद देर रात तीन बजे पता चला कि सोनी का शव फंदे पर लटका हुआ है। ससुराली आनन-फानन उसे जलेसर सीएचसी लेकर गए, लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद शव घर ले आए। गांव से मायके वालों को खबर दी गई। कार्रवाई के डर से ससुराली शव छोड़कर भाग गए। गांव पहुंचे सोनी के पिता श्याम सिंह ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज के लिए सोनी को परेशान किया जा रहा था। आए दिन मारपीट की जाती थी। इसी वजह से गला दबाकर उनकी बेटी की हत्या की गई है। मायके वालों की शिकायत पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। उनकी तहरीर पर पति राजकुमार, ससुर जगदीश, जेठ व देवर के खिलाफ दहेज के लिए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।