स्मार्ट मीटर उखाड़कर सड़क पर फेंके, बिजली घर का घेराव कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी; हाथरस में जनता का आक्रोश
हाथरस के गिजरौली क्षेत्र में स्मार्ट मीटरों के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने मीटर उखाड़कर सड़क पर ...और पढ़ें
HighLights
हाथरस में स्मार्ट मीटर के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन
गुस्साए ग्रामीणों ने मीटर उखाड़कर सड़क पर फेंके
बिजलीघर का घेराव कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की
जागरण संवाददाता, हाथरस। यूपी में स्मार्ट मीटर के खिलाफ जनता का आक्रोश बढ़ रहा है। हाल ही में कुछ जिलों में स्मार्ट मीटर उखाड़ने की घटनाएं घटी। रविवार को हाथरस के गिजरौली क्षेत्र में स्मार्ट मीटरों को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
यहां बड़ी संख्या में एकत्रित गांव वाले और स्थानीय लोगों ने लगाए गए स्मार्ट मीटरों को उखाड़कर सड़क पर फेंक दिया और बिजलीघर का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
भीषण गर्मी में बिजली कटौती की परेशानी झेल रहे लोग
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि उन्होंने अपना पुराना बिजली बकाया जमा कर दिया था, इसके बावजूद उनके कनेक्शन काट दिए गए। भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से आक्रोश बढ़ता गया।
स्मार्ट मीटर के विरोध में सड़क पर उतरे लोग, मीटर उखाड़कर सड़क पर फेंके
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब गुस्साए लोगों ने मीटर उखाड़कर सड़क पर फेंक दिए और बिजली विभाग के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी स्थिति को शांत कराने में जुटे हैं, जबकि स्थानीय लोग अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ता विरोध अब प्रशासन के लिए चुनौती बनता जा रहा है।
