शीतलहर के सितम से सहमा सूरज
पारा छह डिग्री : बर्फीली हवाओं से दिन में धूप के बावजूद रही सिहरन सर्दी की मार -सर्दी से बचने को जले अलाव, बाजारों में पसरा रहा सन्नाटा -मौसम ने जिस तरह करवट बदली है, वह हैरान करने वाला है
संवाद सहयोगी, हाथरस : पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण मैदानों में बर्फीली हवाओं ने गलन बढ़ा दी है। सोमवार को शीतलहर के कारण दिन का अधिकतम तापमान 17 डिग्री तक पहुंच गया जो एक दिन पहले 18 डिग्री था। वहीं न्यूनतम तापमान छह डिग्री रहा। सर्दी के आलम को देखते हुए लोग घरों से बाहर नहीं निकले। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। दुकानें शाम को जल्दी बंद हो गईं। चंद दिनों में मौसम ने जिस तरह करवट बदली है, वह हैरान करने वाला है। 22 जनवरी को दिन का अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस था। 27 जनवरी तक यह अधिकतम 18 और न्यूनतम छह डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान 11 डिग्री और न्यूनतम छह डिग्री तक पहुंच गया। हैरत की बात यह है कि मौसम की यह मार तब है जब दिन में जमकर धूप निकल रही है। दिन में सूर्यदेव की मेहरबानी के कारण लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिल जाती है लेकिन शाम होते ही बर्फीली हवाएं लोगों को जकड़ लेती हैं और ठिठुरने पर मजबूर कर देती हैं। सर्दी से बचने के लिए लोग गरम कपड़ों का तो सहारा ले ही रहे हैं, जगह-जगह अलाव भी जलाए जा रहे हैं। सर्दी के तेवर देखते हुए बच्चों और बुजुर्गों को खास एहतियात बरतने की जरूरत है। वहीं प्रशासन को भी शहर में कई जगह अलाव जलवाने चाहिए। रैन बसेरों में बेसहारा लोगों के रुकने के इंतजाम दुरुस्त होने चाहिए।