बीमार मिट्टी की होगी जांच, चयनित होंगे जनपद में 140 गांव
फोटो- 21 रणनीति जांच के बाद गुणवत्तापूर्ण फसल के साथ बढ़ेगी उर्वराशक्ति विकास खंड स्तर पर चयनित किए जाएंगे 20-20 गांव
संवाद सहयोगी, हाथरस: कृषि विभाग द्वारा जनपद में अब खेतों की मिट्टी की जांच की जाएगी। जनपद में विकास खंड स्तर पर 20-20 गांव सहित करीब 140 गांवों का चयन किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों ने जनपद के देहात क्षेत्रों में जाकर खेतों की मिट्टी की जांच के बारे में किसानों को जागरूक किया।
सरकार के निर्देश पर किसानों की आर्थिक दशा सुधारने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए अब मृदा स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत खेतों में मिट्टी की जांच की जाएगी। इस आदेश के आते ही कृषि उपनिदेशक विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। जनपद में प्रत्येक विकास खंड स्तर पर करीब 20-20 गांवों का चयन किया जाएगा। इस तरह कुल 140 गांवों में मिट्टी के नमूने लिए जाएंगे। प्रयोगशाला में परीक्षण के बाद उसमें जांच में पाई गई मिट्टी की कमियों को विशेषज्ञों की राय अनुसार खाद आदि के प्रयोग से दूर किया जाएगा।
----
जागरूक किए किसान
इसमें ब्लॉक व जिले की औसत उपज से गांव की उपज कम होनी चाहिए। सल्फर व पोषक तत्वों की कमी वाले गांव का चयन किया जाएगा। मृदा स्वास्थ्य कार्ड के प्रति जागरूकता लाने के लिए महिला स्वयं सहायता समूह, किसान उत्पादक संगठन आदि का भी सहयोग लिया जाएगा। इसके लिए जिला कृषि रक्षा अधिकारी आदि ने किसानों से संपर्क कर उन्हें मृदा स्वास्थ्य कार्ड के बारे में जानकारी देते हुए मिट्टी की जांच कराने के लिए जागरूक किया।
---
वर्जन
मृदा स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जनपद में करीब 140 गांव का चयन किया जाएगा। इनमें मिट्टी की जांच के बाद उसकी सेहत सुधारने के लिए आवश्यक उपाय किसानों को बताए जाएंगे। इसके लिए किसानों को मिट्टी के नमूने लेने की जानकारी दी जा रही है।
- यतेंद्र सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी