आगरा में भर्ती सादाबाद की वृद्धा की कोरोना से मौत
फोटो- 18 कोरोना संक्रमण वृद्धा की मौत की जानकारी मिलने पर प्रशासन में खलबली परिवार के पांच लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने किया क्वारंटाइन
संवाद सूत्र, हाथरस : सादाबाद नगर के एक चिकित्सक की मंगलवार को दिल्ली से पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद बुधवार की सुबह आगरा से भी एक वृद्धा की पॉजिटिव रिपोर्ट आने से सादाबाद में खलबली मच गई। सुबह ही महिला की उपचार के दौरान आगरा में ही मृत्यु हो गई। परिवार के पांच लोगों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्वारंटाइन कराया गया है। इन सभी के सैंपल भी जांच के लिए भेजे जाएंगे। जिस जगह वृद्धा रहती थी। उस इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया। वहीं इलाके को सैनिटराइज कराया गया।
कस्बा सादाबाद की एक महिला कई दिनों से बीमार थी। परिजन उनको उपचार के लिए आगरा के चिकित्सालय में ले गए। जहां उन्होंने पहले कोविड-19 की जांच कराने की बात कही। जांच आगरा के एसएन हॉस्पिटल में ही की जा रही थी। परिजनों ने मजबूरीवश वृद्धा की जांच एसएन हॉस्पिटल में कराई। जहां मंगलवार की शाम वृद्धा की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर परिवार के लोगों में भी खलबली मच गई, जिसकी जानकारी बुधवार की सुबह सादाबाद में होने पर यहां के लोग भी दूसरी पॉजिटिव रिपोर्ट आने से परेशान हो गए। थोड़ी देर बाद ही उपचार के दौरान वृद्धा की मौत की खबर पहुंचने से व्यापारियों में मातम पैदा हो गया। वृद्धा की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव की जानकारी प्रशासनिक स्तर पर होने पर प्रशासन के लोगों में भी हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा तत्काल ही परिवार के लोगों से संपर्क किया गया। बाद में जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार द्वारा उक्त घर का निरीक्षण किया गया।