जूते चोरी की रस्म ने कराया बवाल
मुरसान के गांव भूडरी में शादी समारोह में हुआ विवाद बख्रेड़ा -जमकर मारपीट के बाद बिगड़ा माहौल आनन-फानन हुई शादी -शादी समारोहों में शराब से बिगड़ रहा माहौल दो दिन में तीन घटनाएं
जागरण संवाददाता, हाथरस : शादी समारोह में मारपीट के मामले थम नहीं रहे। दो दिन में तीन मामलों में एक युवक की मौत हो चुकी है तथा कई लोग घायल हो गए हैं। शनिवार रात चंदपा के गांव चंद्रगढ़ी के अलावा मुरसान के गांव भूडरी में बवाल हो गया। जूते चुराने की रस्म के दौरान बरातियों ने लड़की पक्ष के लोगों से मारपीट कर दी।
रोहतक (हरियाणा) से मुरसान के गांव भूडरी में बरात आई थी। देर रात जूते चुराने के दौरान हुई खींचतान में दूल्हा व उसके दोस्त इतने नाराज हो गए कि उन्होंने लड़की वालों को खरीखोटी सुनानी शुरू कर दी। तड़क-भड़क पर होने पर लड़के के दोस्तों ने जूता चुराने वाली लड़की के रिश्तेदार की पिटाई कर दी। यहां मामला बिगड़ गया। दूल्हा व उसके दोस्त भड़कने लगे। हंगामा होने पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए। यह हरकत देख गांव के लोग भी नाराज हो गए और उन्होंने लड़के के दोस्तों की पिटाई कर दी। मारपीट में लड़की पक्ष के एक रिश्तेदार को चोट भी आई। मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा। देर रात ही सभी रस्में पूरी कर लड़की को विदा कर दिया गया। इससे पहले शुक्रवार रात मुरसान में ही बिजलीघर रोड पर राजघाट से बरात आई थी। बराती-घराती में जमकर मारपीट व पथराव हुआ था। सभी मामलों में झगड़े की वजह शराब रही। नशे में ताव में आकर लोगों ने मारपीट की। शव आते ही मचा कोहराम
हाथरस : चंदपा के गांव खेड़ा परसौली में नवीन उर्फ नरायन का शव पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। शनिवार रात लगभग 12 बजे उसकी मौत हुई थी। दोपहर बाद पोस्टमार्टम हो सका। पोस्टमार्टम में मौत की वजह पसली टूटना आया है। शाम चार बजे शव गांव पहुंचा। शव आते ही यहां काफी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल था। कार्यक्रम में झगड़ा शांत होने के बाद परिजन निश्चित हो गए थे तथा शादी में व्यस्त हो गए थे। पहले हुई मारपीट में तो उसे बचा लिया था, लेकिन बाद में युवकों ने उसे अकेला पाकर घेर लिया था। घटना से मृतक के भाई व अन्य लोग आक्रोशित हैं। ग्रामीणों ने उन्हें शांत किया।