हाथरस में बस-ट्रक की जोरदार भिड़ंत: दोनों चालक गंभीर रूप से घायल, आठ यात्री भी चोटिल
हाथरस के सिकंदराराऊ में रविवार देर रात कासगंज रोड पर एक रोडवेज बस और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। ...और पढ़ें
HighLights
सिकंदराराऊ में रोडवेज बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हुई।
दोनों वाहनों के चालक गंभीर घायल, प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर।
बस में सवार आठ यात्रियों को हल्की चोटें आईं, मौके पर उपचार मिला।
जागरण संवाददाता, हाथरस। सिकंदराराऊ में रविवार देर रात कासगंज रोड पर ढाबे के पास ट्रक और रोडवेज बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस में सवार आठ यात्रियों को चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राजस्थान के अजमेर डिपो की रोडवेज बस करीब 45 यात्रियों को लेकर बरेली से जयपुर जा रही थी। बस सिकंदराराऊ क्षेत्र में कासगंज रोड पर पहुंची थी, तभी पंत चौराहे की ओर से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में चालक घायल
हादसे में बस चालक सुभाष चंद्र निवासी बबरान, कोटपुतली और ट्रक चालक अरविंद निवासी नवली गांव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी सिकंदराराऊ पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- हाथरस में हादसा, दाऊजी मेले से लौट रही वैन खंभे और पेड़ से टकराई; 10 घायल
आठ यात्रियों को भी आईं चोटें
बस में सवार शहजान, वकील अहमद, तोताराम, कमल और फिदा हुसैन समेत आठ यात्रियों को हल्की चोटें आईं। मौके पर उपचार के बाद सभी को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
