ससुर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
गंभीर आरोप -आगरा रोड चौकी क्षेत्र का मामला, महिला की शिकायत पर मुकदमा -तीन दिन पहले थाने पहुंचे थे दोनों पक्ष, एक साल से परेशान कर रहे
संवाद सहयोगी, हाथरस : शहर की एक महिला ने अपने ससुर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। तीन दिन पहले मामला कोतवाली सदर पहुंचा था, जहां दोनों पक्षों से पुलिस ने बात की थी। अब महिला की तहरीर पर ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
शनिवार को महिला शिकायत करने कोतवाली सदर पहुंची थी। उसने पुलिस से कहा था कि ससुर अवैध संबंध बनाने का दबाव डाल रहा है। आए दिन छेड़छाड़ करता है तथा गलत नीयत से देखता है। इस संबंध में सास से भी शिकायत की, पर उन्होंने कुछ नहीं कहा। महिला के अनुसार सात सितंबर की सुबह ससुर उसे बहाने से पास ही के गांव ले गया, जहां उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। आरोप है कि पहले भी वह घर पर जबरन संबंध बनाने का प्रयास कर चुका है। महिला ने पुलिस को बताया कि पिछले एक साल से उन्हें इसी तरह परेशान किया जा रहा है। पति व मायके वालों को भी घटना के बारे में बताया, फिर भी हरकतें बंद नहीं हुईं। शनिवार को पुलिस ने सास-ससुर को भी बुला लिया था। सास-ससुर ने सफाई देते हुए बहू को ही आरोपित किया। उनका कहना है कि महिला के किसी युवक से संबंध हैं तथा बेटे के जाने के बाद उसे घर बुलाती है। दो दिन पहले महिला को रंगे हाथ पकड़ लिया था, जिसके कारण वह उनपर अनर्गल आरोप लगा रही है। पुलिस ने ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शहर कोतवाल का कहना है कि मामले की जांच कर आगे कार्रवाई की जाएगी। संभावना है कि परिवार में झगड़े का कोई और कारण हो।