जशोदा बेन पहुंचीं हाथरस के ऊंचागांव, भाजपा नेता के भतीजे को शादी में दिया आशीर्वाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी जशोदाबेन मोदी हाथरस के ऊंचागांव में एक वैवाहिक समारोह में शामिल हुईं। उन्होंने भाजपा नेता सत्यप्रिय आर्य प्रधान के भतीजे प्रियव्रत आर्य को आशीर्वाद दिया और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की।

ऊंचागांव में जशोदा बेन का स्वागत करते परिवार के लोग।
संवाद सूत्र, सादाबाद (हाथरस)। क्षेत्र के गांव ऊंचागांव में गुरुवार देर शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी जशोदाबेन मोदी एक वैवाहिक समारोह में शामिल हुईं। वह भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यप्रिय आर्य प्रधान के भतीजे प्रियव्रत आर्य के विवाह समारोह में पहुंचीं। उनके आगमन पर आर्य परिवार ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
इस मौके पर परिवार के सदस्यों ने उन्हें सम्मानित किया। साथ ही स्मृति चिह्न भी भेंट किया। जशोदाबेन ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और वर-वधू को सुखद वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद दिया। उनके आगमन की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में उत्सुकता रही। समारोह में मौजूद लोगों ने उनसे मुलाकात की और तस्वीरें खिंचवाईं।
इस दौरान उनके भाई अशोक भाई मोदी और परिवार के अन्य सदस्य भी साथ रहे। समारोह में सत्यप्रिय आर्य प्रधान, विकास ओम आर्य, डॉ. विवेक प्रिय आर्य, रामप्रकाश आर्य सहित आर्य परिवार के सदस्य मौजूद रहे।