इंजन में आई खराबी से 40 मिनट खड़ी रही ट्रेन
आक्रोश -मुरसान स्टेशन पर यात्रियों ने ट्रेन को लेकर खूब काटा हंगामा -तकनीकी खराबी आ जाने आगे नहीं बढ़ रहा था इलेक्ट्रिक इंजन
संस, हाथरस : दीपावली पर इलेक्ट्रिक इंजन में अचानक तकनीकी खराबी से पैसेंजर ट्रेन मुरसान स्टेशन पर खड़ी हो गई। काफी देर तक जब ट्रेन आगे नहीं बढ़ी तो यात्रियों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। करीब 40 मिनट के विलंब के बाद यह ट्रेन कासगंज की ओर रवाना हुई। एक महीने पहले ही इस लाइन पर इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेन शुरू हुई है।
यह ट्रेन शाम को छह बजे के करीब मथुरा जंक्शन से कासगंज के लिए रवाना होती है। यह घटना रविवार की शाम की है। इंजन में अचानक आई खराबी के चलते यह ट्रेन मुरसान स्टेशन पर खड़ी हो गई। निर्धारित समय के बाद जब सिग्नल मिलने के बाद भी आगे नही बड़ी तो यात्रियों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। बताते हैं कि तकनीकी खराबी के आने से इंजन आगे ही नही बढ़ रहा था। उधर, सभी को दीपावली पर घर पहुंचने की जल्दबाजी भी थी। फिर क्या था, यात्रियों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। स्टेशन कर्मियों ने दूसरा इंजन मंगाने की बात कहकर किसी तरह शांत किया। उसी दौरान इंजन ठीक कर लिया गया। हाथरस सिटी स्टेशन पर ट्रेन के लेट होने से काफी परेशानियां यात्रियों को झेलनी पड़ीं।