नए वित्तीय वर्ष से नया हाउस टैक्स
-शहर के 32 हजार परिवारों को देना होगा हाउस टैक्स -15 जनवरी तक होना था नई दरों के गजट का प्रकाशन
संवाद सहयोगी, हाथरस : नगर पालिका हाथरस ने गृहकर की नई दरों को नए वित्तीय वर्ष से लागू करने का एलान किया है। सॉफ्टवेयर के अपग्रेड न होने के कारण नई दरों को अभी तक लागू नहीं किया जा सका है। नगर पालिका जल्द ही सॉफ्टवेयर को अपग्रेड करेगी। इस पर होने वाले खर्च के लिए एक प्रस्ताव भी नगर पालिका बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा।
40 फीसद की रियायत :
गृहकर की संशोधित दरें पिछली दरों से 40 फीसद कम हैं। 1982 के बाद नगर पालिका ने 2016 में गृहकर को रिवाइज किया था। इसे बढ़ाकर कई गुना कर दिया था। लोगों के भारी विरोध के कारण नगर पालिका ने अपने कदम वापस खींच लिए थे। गृहकर की नई दरों से शहर के 32 हजार परिवारों को राहत मिली है। वहीं नगर पालिका की आय भी कर वसूली शुरू होने से कई गुना बढ़ जाएगी।
15 जनवरी तक आना था गजट
नगर पालिका के ईओ स्वदेश आर्य के मुताबिक नई दरों का गजट 15 जनवरी तक प्रकाशित होना था लेकिन सॉफ्टवेयर अपग्रेड न होने के कारण इसमें देर हो रही है। अब नए वित्तीय वर्ष से नई दरों को लागू किया जाएगा। आवासीय वर्ग में गृहकर को पिछली बार से 40 फीसद कम किया गया है, वहीं अनआवासीय वर्ग में यह राहत कुछ कम है। दुकानदारों को कर से 10 से 15 फीसद की राहत मिलेगी।
32 हजार घर दायरे में :
साल 2016 में हुए हाउसहोल्ड सर्वे में नगर पालिका क्षेत्र में कुल घरों की संख्या 16,871 थी। नगर पालिका क्षेत्र में मौजूद घरों का दोबारा सर्वे कराया गया। सर्वे में घरों की संख्या बढ़कर दो गुनी हो गई है। नए सर्वे के मुताबिक गृहकर देने वाले घरों की संख्या 32,424 है। पिछली बार दरें बढ़ी थीं और घरों की संख्या कम थी। इस बार दरों को कम कर दिया गया है लेकिन घरों की संख्या दो गुना होने से कर वसूली ज्यादा रहेगी।