नगर पालिका बनाएगी नगर के प्रवेश द्वारों पर चौकी
बिना मास्क शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे राहगीर चौकी पर तैनात किए जाएंगे पालिका के कर्मचारी।
संवाद सहयोगी, हाथरस : नगर पालिका की ओर से शहर में सभी प्रवेश द्वारों पर चौकियों की स्थापना की जाएगी। इनके द्वारा किसी को भी बिना मास्क व सैनिटाइज के शहर में घुसने की अनुमति नहीं होगी। सभी चौकियों पर पालिका के कर्मियों को चेकिग के लिए तैनात किया जाएगा।
वैश्विक महामारी कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ने से सरकारी तंत्र के सभी प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। महामारी से लोगों को बचाने के लिए नगर पालिका की ओर से प्रतिदिन साफ-सफाई के साथ इलाकों को सैनिटाइज भी किया जा रहा है। इसके बाद भी संक्रमण कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इससे लोगों को बचाने के लिए पालिका ने शहर में चौकियां बनाने का निर्णय लिया है। यह चौकियां शहर के सभी मुख्य प्रवेश द्वारों पर स्थापित की जाएंगी।
बिना मास्क शहर में नहीं घुसें लोग
शहर में यह चौकियां सासनीगेट चौराहा, तालाब चौराहा, जलेसर रोड, मुरसान गेट, सादाबाद गेट, डीआरबी, इगलास अड्डा सहित प्रमुख स्थानों के प्रवेश द्वार पर बनेंगी। इन पर तैनात कर्मचारी बिना मास्क व सैनिटाइजर के शहर में प्रवेश नहीं करने देंगे। इससे अन्य जिलों व प्रदेशों से आने वालों पर भी निगरानी हो सकेगी। नियम तोड़ने वालों पर लगेगा जुर्माना
इन चौकियों को बनाने के लिए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पास कराकर उसे लखनऊ भेजा जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों की स्वीकृत के बाद इनका निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। इन चौकियों के माध्यम से शहर में अवैध रूप से दौड़ने वाले वाहनों पर नजर रखी जाएगी। नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना किया जाएगा। इनका कहना है
शहर में व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए चेयरमैन के निर्देश पर निर्णय लिया जा रहा है। इससे शहर में बिना मास्क व सैनिटाइज घुसने वालों पर प्रतिबंध लगेगा। वहीं बाहर से आने वालों पर भी नजर रखी जा सकेगी। संक्रमण से बचने के लिए इस योजना पर विचार किया जा रहा है।
-डा. विवेकानंद गंगवार, ईओ