बंदरों ने पांच घंटे तक नहीं बजने दी कंट्रोल रूम की घंटी
बंदरों के झुंड ने काट डाली थीं टेलीफोन की केबलें खिलौना बने फोन जरूरी सूचनाओं के लिए बने कंट्रोल रूम में दोपहर में बहाल हो सकी सेवा
जागरण संवाददाता, हाथरस : कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव और जरूरी जानकारी देने के लिए जनपद में कंट्रोल रूम की सेवा शुक्रवार को करीब पांच बजे घंटे ठप रही। वजह थी बंदरों के झुंड द्वारा टेलीफोन कनेक्शन को काट देना। इस कारण सुबह से लेकर दोपहर तक यानी पांच घंटे तक यहां लगे टेलीफोन की घंटियां पूरी तरह से खामोश रहीं। इस बारे में कंट्रोल रूम पर मौजूद स्टाफ ने अधिकारियों को अवगत करा दिया। कुछ देर बाद बीएसएनएल का स्टाफ आ गया। मगर सेवा को बहाल करने में पांच घंटे से अधिक का वक्त लगा।
शुक्रवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे कलक्ट्रेट में स्थित कंट्रोल रूम का स्टाफ तो पूरी तरह से मुस्तैद था। मगर वहां रखे टेलीफोन की घंटियां शांत थीं। वहां दो कर्मचारी कभी टेलीफोन के तारों को दुरुस्त कर रहे थे कभी दूसरी तरफ जाकर केबल को हिला रहे थे। पूछने पर बताया गया कि सुबह आठ बजे से ड्यूटी पर आए हैं। मगर जब काफी देर तक फोन की घंटी नहीं बजी तो मौजूद एक स्टाफ ने अपने ही फोन से कंट्रोल रूम के नंबरों पर ट्राई किया तो फोन पर घंटी नहीं जा रही थी। इस बारे में स्टाफ ने अधिकारियों को बताया तो बीएसएनएल की टीम आ गई। पहले तो ये पता लगाने में काफी समय बीत गया कि फॉल्ट आखिर हैं कहां। कलक्ट्रेट की छत पर जाकर देखा तो तारों कुतरे पड़े थे। पता चला कि बंदरों ने तारों को तोड़ दिया है। सुबह आठ बजे से लेकर एक बजे के बाद तक सेवा ठप रही। दोपहर डेढ़ बजे तक टेलीफोन की लाइन दुरुस्त हो सकी। तीन शिफ्टों में काम कर रहा है कंट्रोल रूम
कलक्ट्रेट में डीएम की ओर से बनाए गए कंट्रोल रूम में तीन शिफ्टों का समय सुबह आठ बजे से चार बजे तक और शाम चार बजे से 12 बजे तक व रात 12 बजे से सुबह आठ बजे तक है। कंट्रोल रूम का नंबर है 05722- 2270776 है। इस पर कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। दूसरी ओर सीएमओ ने भी एक टोल फ्री नंबर जारी किया है। 17001705145 पर कोई व्यक्ति कोरोना के बारे में जानकारी कर सकता है।