हेलीकॉप्टर से होगी बूथों की निगरानी
मॉडल 37 बूथों पर मतदाताओं का होगा स्वागत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में होंगे दो-दो सखी बूथ
जासं, हाथरस : जनपद में छह दिन बाद मतदान होगा। मतदान के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। गुरुवार को आयोग से आए पत्र में जनपद में एक हेलीकॉप्टर से बूथों की निगरानी की व्यवस्था के निर्देश हैं। यह हेलीकाप्टर बूथों की निगरानी करते हुए जनपद में बने हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से अचानक किसी आपदा की स्थिति से निपटने व वीडियो ग्राफी हेलीकाप्टर के माध्यम से होगी। 17 को यह हेलीकाप्टर नई दिल्ली से उड़ान भरेगा।
हाथरस लोकसभा सीट के लिए जनपद की तीन विधानसभा क्षेत्र में जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। बाकी दो इगलास और छर्रा की व्यवस्था अलीगढ़ से होनी है। दिव्यांग मतदाताओं के लिए सभी बूथों पर व्यवस्था बना ली गई है। अब जनपद में मॉडल बूथ भी चिह्नित किए गए हैं। हाथरस विधानसभा क्षेत्र में 11, सादाबाद में पांच, सि.राऊ में 21 मॉडल बूथ होंगे। इन बूथों को गुब्बारों, फूलमालाओं व रंगोली से सजाया जाएगा। मतदाताओं को गुलाब देकर उनका सम्मान किया जाएगा। चिह्नित मॉडल बूथों पर शुक्रवार से ही व्यवस्थाएं शुरू हो गई। बूथ तक जाने वाले मार्ग को व्यवस्थित करने का क्रम रहा। प्रशासन का लक्ष्य है कि इन चिह्नित बूथों पर पहुंचते ही मतदाताओं को एक पर्व में शामिल होने का अहसास होगा। मतदाता यहां आकर खुद को किसी वीआइपी से कम नहीं समझेंगे। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सखी बूथ बनवाने को भी सभी प्रभारी सहायक रिटर्निंग ऑफीसर को निर्देशित किया गया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो-दो सखी बूथ होंगे। इन सखी बूथों पर सभी मतदान कार्मिक महिलाएं होंगी। जहां सबसे अधिक महिला मतदाता हैं, वहां बूथों का चयन होगा। वर्जन -
मॉडल बूथों पर मतदाताओं का मतदान ऐतिहासिक हो जाए ऐसी व्यवस्था की जा रही है। यहां आकर मतदाताओं को वीआइपी मतदाता होने का अहसास होगा। सखी बूथों के लिए सभी एसडीएम को बोल दिया है।
डॉ.अशोक कुमार शुक्ला, उप जिला निर्वाचन अधिकारी