पांच बरातियों की मौजूदगी में हुए फेरे
नहीं सुनाई दिया डीजे व बैंड बाजे का संगीत गांव वालों की ओर से गवाह बना ग्राम प्रधान पुत्र
संवाद सहयोगी, हाथरस : लॉक डाउन के चलते वैवाहिक रस्म अदायगी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। सोमवार को बिना बरात व बैंड के एक जोड़ा शांति के साथ खुशी-खुशी सात फेरे लेकर वैवाहिक बंधन में बंध गया। मात्र ग्यारह लोगों के बीच यह शादी यादगार बनकर रह गई।
सौ दो सौ लोगों की बरात धूमधड़ाके व गाजे-बाजे के साथ बस्ती में प्रवेश करती थी तो महिलाएं व बच्चे उसे देखने के लिए छतों पर चढ़ जाया करते थे। शादियों का तो सीजन चल रहा है। पर धूमधड़ाके की आवाज कहीं सुनाई नहीं दे रही। आसपास के लोगों को भी विवाह होने की खबर समाचार पत्रों व न्यूज चैनलों के माध्यम से मिल रही है। ऐसी ही एक शादी सोमवार को जनपद के थाना चंदपा क्षेत्र के ग्राम कटैलिया में हुई। यहां के निवासी ऐदल सिंह की बेटी का रिश्ता माधुरी कोल्ड गोवर्धन निवासी राजेंद्र पुत्र मानिक चंद के साथ तय हुआ था। दोनों पक्षों ने शादी को लेकर खूब तैयारियां की थीं। दो महीने पहले ही बैंडबाजे, धर्मशाला आदि बुक कर दिए थे। दोनों परिवार इस खुशी को गाजे-बाजे के साथ लोगों में बांटना चाहते थे मगर बुरा हो कोरोना वायरस का। इसके चलते लगे लॉकडाउन ने सभी किए धरे पर पानी फेर दिया। दोनों परिवार शुभ मुहूर्त को आगे बढ़ाने को बिल्कुल तैयार नहीं थे। सोमवार को निर्धारित तिथि पर सुबह पांच लोगों की बरात लड़की पक्ष के घर पहुंची। इसमें वर बने राजेंद्र के चाचा, दो भाई, दो बहनोई की मौजूदगी में राजेंद्र ने लड़की के साथ सात फेरे लिए। शारीरिक दूरी का पालन करते हुए कन्यादान परिजनों ने किया। गांव की ओर से इसमें ग्राम प्रधान पुत्र राकेश ही शामिल हुए।