बड़े प्रतिष्ठानों को लगानी होगी कंपोस्ट यूनिट
सब हेड नगर पालिका आज से शुरू करेगी विशेष स्वछता अभियान टूटी सड़क नाला व नालियों की भी होगी मरम्मत व्यवस्था गीला-सूखा कूड़ा अलग करने को लोगों को जागरूक करेंगे पालिका कर्मी बंद शौचालयों का प्रबंधन के लिए बनेगी वार्ड समिति
संवाद सहयोगी, हाथरस : नये साल में शहर को स्वच्छ बनाने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान शनिवार से शुरू किया जाएगा। इसमें गीला व सूखा कूड़ा अलग करने के लिए घर-घर जाकर लोगों को पालिका की टीम जागरूक करेगी। इसमें टूटी-फूटी सड़क, नाली आदि का निर्माण पालिका कराएगी। प्रथम श्रेणी की नगर पालिकाओं में शहर को देशभर की रैंक में 112 वां स्थान प्राप्त हुआ है।
शुक्रवार को यह जानकारी नगर पालिका के टाउनहाल में स्वच्छता सर्वेक्षण की विशेष बैठक में अधिशासी अधिकारी डॉ. विवेकानंद गंगवार ने दी। कहा कि शहर को स्वच्छता श्रेणी में और बेहतर स्थान दिलाने के लिए पालिका ने अभियान शुरू कर दिया है। इसके लिए स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 के तहत विशेष सफाई अभियान शहर में 4 जनवरी से 31 जनवरी तक चलाया जा रहा है।
शहर में गंदगी कम करने के लिए बारातघर, बैंक, होटल आदि बड़े प्रतिष्ठानों को कंपोस्ट यूनिट लगानी होगी। विद्युत चालित यह यंत्र गीले कूड़े को खाद में बदल देते हैं।
ईओ ने कहा बंद पड़े शौचालयों का संचालन शीघ्र शुरू हो जाएगा। इन शौचालयों के रखरखाव की जिम्मेदारी सभासद के नेतृत्व में बनी समिति की होगी। इसमें लोगों को सुविधाए निश्शुल्क मिलेंगी। शहर में सफाई व्यवस्थाओं की नियमित चेकिग की जाएगी। जलभराव आदि की समस्या बचने के लिए जर्जर नाले व नालियों का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
------
तीन श्रेणियों में बंटी पालिका
नगर पंचायत व नगर पालिका का निर्धारण आबादी के अनुसार होता है। जो इस प्रकार है ।
आबादी, निकाय का स्तर
10 से 30 हजार तक, नगर पंचायत
30 से 50 हजार तक, नगर पालिका श्रेणी-3
50 से 1 लाख तक, नगर पालिका श्रेणी-2
1 लाख से 10 लाख तक, नगर पालिका श्रेणी-1
10 लाख से अधिक, नगर निगम
--------
इनकी सुनो
नगर पालिका को देश स्तर पर प्रथम श्रेणी की नगर पालिकाओं में 112 वां स्थान मिला है। वहीं प्रदेशस्तर पर सभी नगर पंचायत व नगर पालिका में हाथरस ने 16 वां स्थान प्राप्त किया है। पालिका और बेहतर स्थान पर लाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
- डॉ. विवेकानंद गंगवार, ईओ नगर पालिका