राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी में खिलाड़ी
-हाल ही में एटा में हुई थी स्कूलों की अंडर 19 प्रतियोगिता -14 नवंबर से झांसी में होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
संस, हाथरस : संसाधनों का अभाव होने के बाद भी जिले की तमाम प्रतिभाएं अपने स्कूल व जिले का नाम रोशन कर रही हैं। 14 नवंबर से झांसी में होने वाली राज्यस्तरीय माध्यमिक विद्यालयों की अंडर 19 मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता में हाथरस जिले के छह खिलाड़ियों का चयन हुआ है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए खिलाड़ी इन दिनों बागला कॉलेज के मैदान पर पसीना बहा रहे हैं।
एटा के जीजीआइसी मैदान पर हुई मंडलीय अंडर 19 क्रिकेट प्रतियोगिता में हाथरस की टीम ने एटा को पछाड़ते हुए ट्रॉफी पर कब्जा किया था। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में बेहतर संसाधन न होने के बाद भी यहां की प्रतिभाएं लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। माध्यमिक विद्यालयों की अंडर 17 वर्ग की टीम में भी हाथरस जिले के माध्यमिक विद्यालयों के छह खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था। अंडर 19 वर्ग की प्रतियोगिता जीतने के बाद छह खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हो चुका है, जिसमें तीन खिलाड़ी बागला इंटर कॉलेज के हैं। बागला इंटर कॉलेज के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर सकें, इसके लिए लगातार उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। झांसी में ही दोनों वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 14 नवंबर से शुरू होगी। अंडर 19 वर्ग में विराट कुंतल, अमित कुमार, जीशान, शशिकांत, देवदत्त और विशाल का चयन हुआ है। वहीं अंडर 17 वर्ग में विशाल कुमार, हसीन, प्रदीप कुमार, प्रवेंद्र कुमार, कुशल, हिमांशु का चयन हुआ है। शनिवार को कॉलेज का अवकाश होने के बाद भी बागला इंटर कॉलेज के कोच डॉ. मनोज शर्मा प्रेक्टिस कर रहे खिलाड़ियों को जरूरी निर्देश देने के लिए पहुंचे।