स्मार्ट सिटी समिट में हाथरस के कार्य सराहे, मिला सम्मान
बंगलूरू में स्मार्ट सिटी समिट में शामिल चेयरमैन का सम्मान रात में सफाई कार्य ग्रीन बेल्ट और जल आपूर्ति की तारीफ
संवाद सहयोगी, हाथरस : बंगलूरू में हुई दो दिवसीय स्मार्ट सिटी समिट में नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा शामिल हुए। गुरुवार को वहां से लौटने के बाद चेयरमैन ने समिट में शहर को स्मार्ट बनाने के लिए बताए गए तरीकों को मीडिया से साझा किया।
देशभर के 100 से स्मार्ट सिटी और 10 नगर पालिकाओं के प्रतिनिधियों को वहां बुलाया गया था जिनमें हाथरस भी शामिल था। चेयरमैन ने बताया कि भले ही हाथरस अभी स्मार्ट सिटी नहीं है, लेकिन स्मार्ट सिटी के लिए तेजी से हो रहे प्रयासों को देखते हुए हाथरस का चयन इस समिट के लिए किया गया था। पूरे देश से चयनित 10 नगर पालिकों में चार प्रतिनिधि गुजरात के थे। उत्तर प्रदेश से हाथरस और मैंनपुरी के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। उन्होंने बताया कि समिट में हाथरस नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे रात्रि में सफाई कार्य, ग्रीन बेल्ट और निश्शुल्क जल आपूर्ति व्यवस्था की सराहना की गई। इस कार्यक्रम में भारत ही नहीं ऑस्ट्रेलिया, सिगापुर समेत अन्य देशों के विशेषज्ञ शामिल हुए थे। कर्नाटक सरकार के प्रमुख सचिव, भारत सरकार के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सभी शहरों के साथ-साथ हाथरस के संसाधन, कार्यों आदि पर चर्चा हुई। इस दौरान सोलिड बेस्ट मैनेजमेंट और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, सड़क और शहरीकरण की कार्ययोजना के क्षेत्र में आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा गया। समिट में यह सुझाव भी दिए गए कि पौधरोपण, सीवेज, सड़क निर्माण आदि विकास कार्यों को अगले सौ वर्षों का प्लान लेकर ही तैयार किया जाए। बेहतर कार्यों के लिए समिट में नगर पालिका अध्यक्ष को सम्मानित भी किया गया। चेयरमैन ने इस सम्मान का श्रेय शहरवासियों को दिया।