विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथरस में जमीनी विवाद को लेकर युवक की गोली मारकर हत्या, गांव में तनाव

Published: Thu, 12 Nov 2026 12:25 AM (IST)

हाथरस के बिसाना गांव में जमीनी विवाद के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसमें उसका दोस्त घायल हो गया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. हाथरस में जमीनी विवाद के चलते युवक की गोली मारकर हत्या।

  2. हमले में दोस्त घायल, गांव बिसाना में तनाव का माहौल।

  3. पुलिस ने चार टीमें बनाईं, परिजनों ने कार्रवाई पर सवाल उठाए।

संवाद सहयोगी, हाथरस। चंदपा थाना क्षेत्र के गांव बिसाना में बुधवार को जमीनी विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह चौराहे पर अपने दोस्त के साथ खड़ा था। तभी बाइक पर सवार सात से आठ युवक आए और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

गोली लगने से युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। इससे पहले 15 दिन पूर्व भी युवक पर हमला किया गया था। शिकायत थाने में की गई थी, लेकिन परिवार का आरोप है कि कोई सुनवाई नहीं हुई। फिलहाल हत्या से गांव में तनाव का माहौल है।

बिसाना में एक ही परिवार के दो पक्षों में 40 बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। पूर्व में एक परिवार के राजकुमार को पुलिस विवाद के बाद थाने ले गई थी, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में मृत्यु हो गई थी। इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था।

WhatsApp Image 2026-11-12 at 12.18.08 AM

मामले में पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर आरोपितों को जेल भेज दिया था। अब बुधवार को उसी जमीनी विवाद को लेकर उनके बेटे मानवेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई।बताया गया कि मानवेंद्र अपने दोस्त लाला उर्फ समीर निवासी बढ़ार, सादाबाद के साथ बिसाना स्थित चौराहे पर आया था। तभी सात से आठ बाइक सवार युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

गांव में हत्या के बाद तनाव का माहौल

तीन से चार गोली मानवेंद्र को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, समीर को गोली छूकर निकल गई। ताबड़तोड़ फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी दुकानें बंद कर इधर-उधर भागने लगे। हमलावर फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए।सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी भेजा, जहां चिकित्सक ने मानवेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल समीर को मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया।

जिला अस्पताल में हंगामा होता देख मौके पर कई थानों की पुलिस आ गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा जिला अस्पताल पहुंचे। उनके आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसपी ने एसओजी समेत चार टीमों का गठन किया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

स्वजन का आरोप है कि 15 दिन पहले भी मानवेंद्र पर हमला किया गया था। उस समय थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। यदि समय पर कार्रवाई होती तो आज मानवेंद्र जिंदा होता। परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इधर, गांव में हत्या के बाद तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर गांव में पीएसी व पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश और जमीनी विवाद के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- हाथरस में 10 कनिष्ठ सहायकों को मिली तैनाती, उत्तर प्रदेश में 1146 अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।