हाथरस में चार साल की बच्ची का बोरे में मिला शव, घिनौनी हरकत की आशंका
हाथरस के कोडरा जहांगीरपुर गांव में चार वर्षीय ममता का रक्तरंजित शव बोरे में खरजा नहर के पास मिला, जिससे ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सहयोगी, हाथरस। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव कोडरा जहांगीरपुर में बृहस्पतिवार सुबह चार वर्षीय बच्ची ममता का रक्तरंजित शव बोरे में मिला। उसका शव खरजा नहर के पास पड़ा था। शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई और भारी भीड़ जमा हो गई।
ममता नौ नवंबर की शाम करीब पांच बजे से घर से गायब थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब बच्ची नहीं मिली तो कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गुरुवार सुबह कुछ लोगों को नहर के पास बोरी से बदबू आई। शक होने पर जब बोरी खोली गई तो उसमें बच्ची का शव पड़ा था। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव तथा घटनास्थल पर पुलिस का डेरा जमा हुआ है।
बच्ची की मां वीरेश ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उन्हें नहीं पता कि किसने उनकी बच्ची को गायब कर हत्या की। ममता के पिता शीशपाल सिंह की चार माह पूर्व अकराबाद पर बाइक दुर्घटना में मौत हो चुकी है। ममता सबसे बड़ी थी। उसकी एक छोटी बहन और तीन माह का भाई है। पिता की मौत के बाद मां ही बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किसी ने गलत नीयत से बच्ची को उठाया होगा और दुष्कर्म के बाद हत्या की होगी। सबूत मिटाने के लिए शव को बोरी में बंद कर नहर पर फेंका गया होगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। गांव के संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट पता चलेगा। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।