बने हुए एक साल भी न हुआ, धंसने लगा जगीपुर लिंक मार्ग का पुल; हाथरस में सरकारी कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल
हाथरस के सासनी में चौपाल सागर-जगीपुर लिंक मार्ग पर बना गंदा नाला पुल निर्माण के कुछ समय बाद ही धंस ...और पढ़ें

जगीपुर लिंक मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया।
HighLights
सासनी में चौपाल सागर-जगीपुर लिंक मार्ग का पुल धंसा।
ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर सवाल उठाए, मरम्मत की मांग की।
संवाद सूत्र, सासनी (हाथरस)। विकास खंड सासनी के चौपाल सागर-जगीपुर लिंक मार्ग पर सिंचाई विभाग की ओर से निर्मित गंदा नाला पुल निर्माण के कुछ समय बाद ही धंस गया है। पुल में आई क्षति से क्षेत्र के लोगों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए शीघ्र मरम्मत और तकनीकी जांच की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार चौपाल सागर-जगीपुर मार्ग करीब 40 गांवों के लोगों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से किसान, छात्र और अन्य ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं। पुल के बैठ जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और भारी वाहन गुजरने पर हादसे की आशंका बनी रहती है।
जगीपुर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता अनिल जादौन ने बताया कि पुल में आई क्षति की जानकारी कई बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत शुरू नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पुल की तकनीकी जांच कराकर शीघ्र सुदृढ़ीकरण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है।
