हाथरस में पत्नी को मौत की नींद सुलाकर पति फरार, बच्ची की चीख पर ग्रामीण बने फरिश्ता फिर भी नहीं बची जान
हाथरस के गढ़ी गिरधरा गांव में घरेलू विवाद के चलते पति ने पत्नी के सिर पर सरिया से हमला कर ...और पढ़ें

HighLights
हाथरस में पति ने पत्नी की हत्या की।
घरेलू विवाद के चलते सरिया से हमला।
आरोपी पति घटना के बाद से फरार।
जागरण संवाददाता, हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव गढ़ी गिरधरा में रविवार को घरेलू विवाद के चलते पति ने पत्नी के सिर पर सरिया से प्रहार कर दिया। करीब ढाई घंटे तक महिला घर पर ही घायल पड़ी रही। बाद में अस्पताल ले जाया गया, मगर रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद पति मौके से भाग गया।
यह है पूरा मामला
गांव गढ़ी गिरधरा निवासी 30 वर्षीय तुलसी की शादी उत्तम सिंह से हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार, अक्सर पति-पत्नी में विवाद होता था। रविवार को भी दोनों का आपसी विवाद हुआ। गुस्से में आकर उत्तम ने तुलसी के सिर पर सरिया से प्रहार कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद दंपती की एक बच्ची ने गांव में लोगों को माता-पिता के बीच झगड़ा होने और पिता द्वारा मां को मारने की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो तुलसी गंभीर हालत में मिली। उसके सिर से खून बह रहा था और शरीर पर चोटों के निशान थे। ग्रामीणों ने पहले एंबुलेंस बुलाई और फिर पुलिस को सूचना दी।
तुलसी को अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर थाना हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ग्रामीणों से मिली जानकारी और पति पर लगे आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
दो महीने पहले किराए पर रहने आया था परिवार
तुलसी का पति उत्तम सिंह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। दंपती की तीन बेटियां और एक बेटा है। परिवार करीब दो महीने पहले नगला खान से गांव गढ़ी गिरधरा में किराए के मकान में रहने आया था। तुलसी का मायका कासगंज जिले के पटियाली क्षेत्र में बताया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान उत्तम सिंह ने तुलसी के साथ मारपीट की और उसके सिर पर सरिया से हमला किया। घटना के बाद पति के ई-रिक्शा लेकर कहीं चले जाने की बात सामने आई है। विवाद की वजह स्पष्ट नहीं है।
मामले की जांच की जा रही है। ई-रिक्शा चालक पति घटना के बाद से ही फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उसके मिलने के बाद ही घटना की वजह साफ हो पाएगी।
-रामानंद कुशवाहा, एएसपी, हाथरस
यह भी पढ़ें- हाथरस में पंचायत सहायकों का मोहभंग: सरकार ने बढ़ाया मानदेय फिर भी 18 ने छोड़ी नौकरी, गांव में सेवाएं ठप
यह भी पढ़ें- हाथरस सांसद के फर्जी हस्ताक्षर से प्रकाशन समूह को 11 लाख का चूना, मुकदमा दर्ज
