हाथरस गेट कोतवाली को मिला नया प्रभारी, नौ दिन बाद मिली इंस्पेक्टर मिश्रा को नई जिम्मेदारी
एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने निरीक्षक पंकज कुमार मिश्रा को हाथरस गेट कोतवाली का नया प्रभारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और जनहित को ध्यान में रखते हुए की गई है, जिससे पुलिसिंग मजबूत होगी।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
निरीक्षक पंकज कुमार मिश्रा हाथरस गेट कोतवाली के नए प्रभारी बने।
एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने तत्काल प्रभाव से नियुक्ति आदेश जारी किए।
जागरण संवाददाता, हाथरस। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक पंकज कुमार मिश्रा को हाथरस गेट कोतवाली का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया है। इस संबंध में स्थानांतरण आदेश जारी कर दिया गया है। एसपी ने जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनहित को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से यह नियुक्ति की है।
संबंधित अधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले हाथरस गेट कोतवाली में नितिन कुमार कसाना प्रभारी निरीक्षक के पद पर तैनात थे। एसपी ने 17 नवंबर को उनका स्थानांतरण सादाबाद कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक के पद पर कर दिया था। इसके बाद से हाथरस गेट कोतवाली में नियमित प्रभारी निरीक्षक का पद रिक्त था।
अब नौ दिन बाद पंकज कुमार मिश्रा को कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीते दिनों अलीगढ़ परिक्षेत्र में बड़े पैमाने पर पुलिस निरीक्षकों के स्थानांतरण के बाद हाथरस जिले के कई थानों में नए प्रभारियों की तैनाती की गई है। इसी क्रम में अब हाथरस गेट कोतवाली को भी नया प्रभारी निरीक्षक मिल गया है।
नवागत प्रभारी निरीक्षक के सामने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने और लंबित मामलों के निस्तारण की जिम्मेदारी रहेगी। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि नई तैनाती से कोतवाली क्षेत्र में पुलिसिंग और अधिक मजबूत होगी।